गाजियाबाद में शुक्रवार को देर रात राजनगर एक्सटेंशन इलाके में बन रहे एक निर्माणाधीन मॉल में 7 साल की बच्ची का शव मिला है. बच्ची का शव बेसमेंट के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला है. उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. एफएसएल टीम ने मौके सबूत जुटाए हैं. घटना के बाद गाजियाबाद पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. बताया जा रहा है कि बच्ची शाम को 7 बजे से ही गायब थी, उसके परिजन उसे खोज रहे थे. बच्ची के मामा ने मामले में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है.
शुक्रवार रात 1 बजे मिला शव
पुलिस ने बताया कि बच्ची शाम को 7 बजे से ही गायब थी. ऐसे में उसके परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी. रात में 1 बजे पुलिस को जानकारी मिली कि राजनगर एक्सटेंशन के एक निर्माणाधीन मॉल में बच्ची का शव पड़ा है. सूचना मिलते ही नंदग्राम पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बताया कि बच्ची के परिजन बिहार के रहने वाले हैं, जो निर्माणधीन मॉल में ही मजदूरी कर रहे थे और मॉल परिसर में ही झोपड़ी बनाकर यहां रह रहे थे. परिजनों ने बच्ची को आखिरी बार शाम को 7 बजे देखा था.
मामा ने लगाया दुष्कर्म और हत्या का आरोप
बच्ची के मामा ने बताया कल शाम से ही बच्ची लापता थी रात में 1 बच्ची का शव मिला था. मामा ने बच्ची के साथ रेप होने की आशंका जताई है. घटना के बाद लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है. मौके पर मौजूद गार्ड से भी मारपीट भी हुई है. जिसके बाद मौके पर पुलिस तैनात की गई है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद कुछ संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है और पूछताछ की जा रही है.
बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला और क्लीयर होगा. गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ भी जांच की गई है. जल्द ही इस मामले में पूरा खुलासा करने की बात पुलिस ने कही है.
ये भी पढ़ेंः 'लापरवाह' सिस्टम का शिकार हुआ एक और इंजीनियर, नोएडा के सेक्टर-58 के नाले में गिरे आर्यन की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं