उद्धव ठाकरे के 6 सांसदों को तोड़ने के बाद अब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नए मिशन पर नजर आ रहे हैं. शिंदे की शिवसेना मुंबई में नया 'सेना भवन' बनाने की तैयारी में है. जिसके लिए दादर और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में जमीन की तलाश तेज हो गई है. एकनाथ शिंदे की प्राथमिकता में मराठी बहुल 'दादर' इलाका है. उन्होंने दो जगहों का मुआयना भी किया है. एक जगह BKC में हैं जो उद्धव ठाकरे के आवास 'मातोश्री' से कुछ ही दूरी पर है. लेकिन शिंदे नया सेना भवन बनाते हैं तो यह महाराष्ट्र में एक नया राजनीतिक समीकरण शुरू होगा. जिस पर सबकी नजरें टिकी हैं.
महाराष्ट्र में पार्टी का विस्तार करेंगे एकनाथ शिंदे
दरअसल, बताया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र में पार्टी का विस्तार करने में जुटे हैं. शिंदे गुट को अब एक स्थायी 'मुख्यालय' की जरूरत महसूस हो रही है. इसी के चलते बीकेसी स्थित मौजूदा शिवसेना भवन की तर्ज पर नए सेना भवन के लिए जगह देखी जा रही है. हालांकि, मराठी अस्मिता और हकों के लिए बनी शिवसेना का कामकाज बीकेसी जैसी कॉरपोरेट जगह से चलाना उचित नहीं माना जा रहा है. एकनाथ शिंदे की इच्छा है कि नया सेना भवन दादर जैसे पारंपरिक मराठी बहुल इलाके में ही होना चाहिए. क्योंकि यह इलाका मराठी राजनीति के लिहाज से अहम माना जाता है.
ये भी पढ़ेंः शिवसेना उद्धव गुट के 6 सांसदों ने थामा एकनाथ शिंदे गुट का हाथ, देख लीजिए पूरी लिस्ट
दादर वाली जगह हो सकती है फाइनल
बताया जा रहा है कि दादर वाली जगह जल्द ही फाइनल हो सकती है, हालांकि वहां भी कुछ कमियां हैं जिन पर पार्टी के भीतर चर्चा चल रही है. महाराष्ट्र में जिस तरह से एकनाथ शिंदे अपनी पार्टी का विस्तार कर रहे हैं, उसे देखते हुए देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पार्टी का अपना एक हक का कार्यालय होना पार्टी को जरूरी लग रहा है.मुंबई पर अपनी पकड़ मजबूत रखने और पार्टी की ताकत बढ़ाने के लिए एक केंद्रीय कार्यालय का होना आवश्यक है. इसी रणनीति के तहत नए सेना भवन के निर्माण की कवायद तेज कर दी गई है.
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की बढ़ रही ताकत
महाराष्ट्र की राजनीति में एकनाथ शिंदे का राजनीतिक कद तेजी से बढ़ रहा है. उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसदों को तोड़ने के बाद वह महाराष्ट्र में लोकसभा सांसदों के मामले में सबसे बड़े दल बन चुके हैं. ऐसे में एकनाथ शिंदे पार्टी का लगातार विस्तार करने में जुटे हैं. जिसमें अब सेना भवन बनाए जाने की चर्चा भी तेज हो गई है. बताया जा रहा है शिवसेना के इस प्लान पर अगले कुछ दिनों में काम शुरू हो जाएगा. राजनीतिक लिहाज से महाराष्ट्र में यह बड़ा बदलाव माना जाएगा.
इनपुट:विशाल पाटिल
ये भी पढ़ेंः ऑपरेशन टाइगर के बाद उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे का अगला कदम क्या? महाराष्ट्र टू दिल्ली बदलेगी सियासत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं