विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में बनेगा यूपी का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर, गाजि‍याबाद का सफर होगा आसान

फोर लेन के फ्लाईओवर के लिए जरूरी चौड़ाई में जगह नहीं मिलने के बाद अब डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने का फैसला लिया गया है. इसमें दोनों ही तल पर वन-वे ट्रैफिक रहेगा.

ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में बनेगा यूपी का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर, गाजि‍याबाद का सफर होगा आसान
  • ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट के लोगों को जाम से म‍िलेगी राहत
  • डबल डेकर फ्लाईओवर के दोनों ही तल पर वन-वे ट्रैफिक रहेगा
  • प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 900 करोड़ रुपये होगी

ग्रेटर नोएडा, खासतौर से ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट के लोगों के ल‍िए बड़ी खुशखबरी है. ग्रेनो वेस्ट में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बनेगा. ग्रेनो वेस्ट को 130 मीटर रोड से शाहबेरी, क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए प्रस्तावित फ्लाईओवर के डिजाइन में बदलाव किया गया है. फोर लेन के फ्लाईओवर के लिए जरूरी चौड़ाई में जगह नहीं मिलने के बाद अब डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने का फैसला लिया गया है. इसमें दोनों ही तल पर वन-वे ट्रैफिक रहेगा. अब इस 1400 मीटर लंबे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 900 करोड़ रुपये होगी. 

प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि एनएचएआई के साथ पिछले दिनों जगह की अड़चन पर वार्ता हुई थी. इसके बाद कंसल्टेंट की मदद से दूसरे विकल्पों पर विचार शुरू हुआ. डबल डेकर फ्लाईओवर के डिजाइन पर सहमति बनी. ग्रेनो प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने इसका प्रजेंटेशन एनएचएआई को दे दिया है. एनएचएआई ने डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने के लिए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. 

Latest and Breaking News on NDTV

इसके बाद एनएचआई अंतिम रूप से फैसला इस फ्लाईओवर के निर्माण पर लेगा. नेशनल हाइवे से जुड़ाव को देखते हुए पूर्व में ही शाहबेरी फ्लाईओवर का निर्माण एनएचएआई से ही कराने पर सहमति बनी थी. चार लेन के इस फ्लाईओवर पर अभी करीब 400 करोड़ रुपये का खर्च प्रस्तावित था.

डबल डेकर फ्लाईओवर में तीन-तीन लेन दोनों तल पर बनाई जाएंगी

जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि चार लेन के फ्लाईओवर के लिए करीब 15 मीटर की खुली जगह चाहिए होती है, जबकि यहां अधिकतम जगह 14 मीटर मिल पा रही है. इसके उलट डबल डेकर फ्लाईओवर में तीन-तीन लेन दोनों तल पर बनाई जाएंगी. इस डिजाइन में 12 मीटर के अंदर ही छह लेन ट्रैफिक के लिए मिल जाएंगे. इससे दीर्घकालिक जरूरत वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ पूरी हो सकेगी. 

सीधे दिल्ली-मेरठ हाइवे पहुंच जाएंगे, गाजियाबाद भी जाना आसान होगा

इसके अलावा यू-शेप पीयर का उपयोग फ्लाईओवर बनाने में किया जाएगा. इससे मौजूदा सड़क का उपयोग लाेकल मार्केट, सोसाइटी व गांव के लोग पूर्व की तरह सर्विस लेन के तौर पर करते रहेंगे. इस फ्लाईओवर से 130 मीटर रोड से सीधे दिल्ली-मेरठ हाइवे पहुंच जाएंगे, जहां से गाजियाबाद भी जाना आसान होगा. अभी केवल तिगरी चौक होते हुए ही गाजियाबाद जाना होता है, जहां तेजी से ट्रैफिक बढ़ा है. 

यह भी पढ़ें- दिल्ली समेत बुलेट ट्रेन के 7 रूट, देश के 20 बड़े शहरों को हाई स्पीड, रेल मंत्री ने बताया कितना टाइम लगेगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida  News, Shahberi, Double Decker Flyover, Noida News, Delhi NCR NEWS
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com