- धर्मशाला के क्रिकेट स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच एक दिवसीय मैच को लेकर उत्साह चरम पर .है
- सांसद अनुराग ठाकुर ने मैच से पूर्व भगवान इंद्रुनाग जी के दरबार में जाकर विशेष पूजा-अर्चना की है.
- धौलाधार पर्वतमाला की ताज़ा बर्फबारी ने स्टेडियम के आसपास के दृश्य को अत्यंत मनोरम बना दिया है.
धर्मशाला के विश्वप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले एक दिवसीय श्रृंखला के पहले मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है. इस ऐतिहासिक मैच के सफल आयोजन के लिए सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र के आराध्य देवता भगवान इंद्रुनाग जी के दरबार में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना की.
कांगड़ा और धर्मशाला क्षेत्र में भगवान इंद्रुनाग जी को विशेष श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा जाता है. मान्यता है कि देवता इंद्रुनाग इस क्षेत्र के रक्षक हैं और मौसम, समृद्धि और जनकल्याण से उनका विशेष संबंध है. धर्मशाला में होने वाले बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों से पूर्व उनके दरबार में आशीर्वाद लेने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जो हिमाचल की संस्कृति, आस्था और खेल भावना के अद्भुत संगम को दर्शाती है.
पूरे धर्मशाला और कांगड़ा क्षेत्र में क्रिकेट का उत्साह देखने को मिल रहा है. देशभर से क्रिकेट प्रेमी इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले को देखने धर्मशाला पहुंच रहे हैं. भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी एवं पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, कप्तान शुभमन गिल तथा अन्य प्रमुख खिलाड़ी पहले ही धर्मशाला पहुंच चुके हैं, जिससे क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह और भी बढ़ गया है.
प्रकृति ने भी मानो इस क्रिकेट महोत्सव के लिए विशेष तैयारी की हो
इस बार प्रकृति ने भी मानो इस क्रिकेट महोत्सव के लिए विशेष तैयारी की हो. पिछले कुछ दिनों में धौलाधार पर्वतमाला पर हुई ताज़ा बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं. हरे-भरे मैदान के पीछे चमचमाती बर्फ़ से ढकी चोटियां एक ऐसा दृश्य प्रस्तुत कर रही हैं, जो दुनिया के किसी भी क्रिकेट मैदान में देखने को नहीं मिलता. यही कारण है कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को विश्व के सबसे सुंदर क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है.
सफल अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार
स्वच्छ पर्वतीय वातावरण, मनमोहक मौसम, बर्फाच्छादित धौलाधार और विश्वस्तरीय क्रिकेट इन सबके संगम से कल का मुकाबला केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति, आस्था और प्रकृति का भव्य उत्सव बनने जा रहा है. एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने कहा कि भगवान इंद्रुनाग जी के आशीर्वाद से मैच की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और एचपीसीए एक और सफल अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है.
उन्होंने कहा कि धर्मशाला लगातार विश्वस्तरीय क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी कर रहा है और क्रिकेट प्रेमियों की अभूतपूर्व प्रतिक्रिया यह दर्शाती है कि यह मैदान आज विश्व क्रिकेट के सबसे पसंदीदा स्थलों में से एक बन चुका है.
हिमाचल की पहचान विश्व मंच पर और मजबूत हुई है : अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम आज हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा वैश्विक दूत बन चुका है. उन्होंने कहा, "अपने शुरुआती सफर से लेकर विश्व क्रिकेट के सबसे खूबसूरत और प्रतिष्ठित स्टेडियमों में शामिल होने तक धर्मशाला ने हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और आतिथ्य को दुनिया के करोड़ों लोगों तक पहुंचाया है. यहां आयोजित अंतरराष्ट्रीय मैचों से प्रदेश के युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है, पर्यटन उद्योग को नई गति मिली है. हिमाचल की पहचान विश्व मंच पर और मजबूत हुई है. एचपीसीए द्वारा लगातार सफल आयोजनों के माध्यम से धर्मशाला ने विश्व क्रिकेट में एक विशिष्ट स्थान बनाया है और कल का मुकाबला इस गौरवशाली यात्रा का एक और स्वर्णिम अध्याय साबित होगा."
जब कल सुबह धौलाधार की बर्फीली चोटियों पर सूर्य की पहली किरणें पड़ेंगी और हजारों क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम की ओर बढ़ेंगे, तब धर्मशाला एक बार फिर उस अद्भुत दृश्य का साक्षी बनेगा जहां हिमालय की शांत वादियों में क्रिकेट का रोमांच गूंजेगा एक ऐसा अनुभव जो दुनिया में कहीं और संभव नहीं.
ये भी पढ़ें :Exclusive: बजट अनुमान से बेहतर रहेगी नॉमिनल GDP ग्रोथ, NDTV को मुख्य आर्थिक सलाहकार ने बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं