विज्ञापन

LG के ऑर्डर के बाद भी आज से शुरू नहीं हो पाया दिल्ली में फायर चेक अभियान, मालवीय नगर घटना के बाद दिया गया था आदेश

दिल्ली के मालवीय नगर के 'फ्लोरिश स्टे होटल' में 3 जून 2026 को भीषण आग लगने से 21 लोगों (9 भारतीय, 12 विदेशी) की मौत हो गई और कई घायल हो गए. उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर ऑडिट के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक फायर चेक अभियान शुरू नहीं हो सका है.

LG के ऑर्डर के बाद भी आज से शुरू नहीं हो पाया दिल्ली में फायर चेक अभियान, मालवीय नगर घटना के बाद दिया गया था आदेश
  • दिल्ली के मालवीय नगर में होटल अग्निकांड में 21 मौतों के बाद भी प्रशासन बेपरवाह
  • द‍िल्‍ली के फ्लोरिश स्टे होटल में आग लगने से मरने वालों में 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिक शामिल
  • द‍िल्‍ली होटल अग्निकांड में रियाज़ुद्दीन नाम के शख्स इंसानियत की मिसाल बनकर सामने आए

दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित 'फ्लोरिश स्टे होटल' में आग लगने से 21 लोगों की जान चली गई, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई सबक नहीं लिया है. इसकी जीती-जागती बानगी दिल्ली में चलने वाला फायर चेक अभियान है, जो उपराज्यपाल के निर्देश के बावजूद हादसे के दूसरे दिन भी शुरू नहीं हो सका.

दरअसल, 3 जून 2026 की सुबह फ्लोरिश होटल अग्निकांड के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक ली थी. इस बैठक में उन्होंने राजधानी के सभी होटलों, लॉजों, नर्सिंग होम, कोचिंग संस्थानों, रेस्तरां और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानदंडों  की जांच करने के कड़े निर्देश दिए थे. 

अब सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि उपराज्यपाल की बैठक के बाद भी दिल्ली में फायर चेक अभियान को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है. यही वजह है कि जमीनी स्तर पर यह अभियान अब तक शुरू नहीं हो सका है.

मालवीय नगर अग्निकांड की भयावहता

उल्लेखनीय है कि दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं. वहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुल 49 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. उन्हें दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 8 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार अभी जारी है.

रियाज़ुद्दीन ने 2 लाख रुपये के गद्दे बिछाकर बचाई लोगों की जान

इस भीषण हादसे के बीच रियाज़ुद्दीन नाम के शख्स इंसानियत की मिसाल बनकर सामने आए. उन्होंने अपनी सूझबूझ और दरियादिली से कई लोगों की जान बचाई. दरअसल, फ्लोरिश स्टे होटल के पास वाली गली में ही रियाज़ुद्दीन की गद्दों की दुकान है. 3 जून की सुबह जब उन्होंने देखा कि होटल में भीषण आग लग गई है और कई लोग अंदर फंस चुके हैं, तो वे तुरंत मदद के लिए दौड़े. 

लोग अपनी जान बचाने के लिए होटल की खिड़कियों से सड़क पर कूद रहे थे. यह देखकर रियाज़ुद्दीन ने बिना वक्त गंवाए अपनी दुकान से करीब दो लाख रुपये के गद्दे निकाले और सड़क पर बिछा दिए, ताकि ऊंचाई से कूदने वाले लोगों को गंभीर चोटें न आएं. उनके इस कदम की हर तरफ तारीफ हो रही है.

यह भी पढ़ें- दिल्ली आग मामला: होटल मालिक के खिलाफ पुलिस ने जारी किया लुकआउट नोटिस

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com