विज्ञापन

दिल्ली: पंखे से लटका मिला 18 वर्षीय युवती का शव, परिवार का आरोप- शरीर पर दिखे संदिग्ध निशान

दिल्ली के शालीमार बाग में 18 वर्षीय युवती राधिका का शव संदिग्ध हालात में पंखे से लटका मिला. परिवार ने शरीर पर निशानों का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है. पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी हैं, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

दिल्ली: पंखे से लटका मिला 18 वर्षीय युवती का शव, परिवार का आरोप- शरीर पर दिखे संदिग्ध निशान

Delhi Shalimar Bagh Girl Death Case: राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक 18 वर्षीय युवती का शव पंखे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया. मामला उस वक्त और संदिग्ध हो गया जब परिवार ने युवती के शरीर पर निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

अनिल कुमार अत्री की रिपोर्ट...

फ्लैट में फंदे से लटका मिला शव

यह घटना शालीमार बाग के एडी ब्लॉक स्थित एक फ्लैट की है, जहां 18 वर्षीय राधिका का शव पंखे से लटका मिला. राधिका अपने परिवार के साथ आजादपुर इलाके में किराए के मकान में रहती थी और इसी फ्लैट में केयरटेकर के तौर पर काम करती थी. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन वह रोज की तरह सुबह काम पर गई थी.

फोन आने पर मौके पर पहुंचे परिजन

परिवार के मुताबिक, कुछ ही देर बाद उन्हें फोन आया कि राधिका ने फांसी लगा ली है. सूचना मिलते ही परिजन घबराकर मौके पर पहुंचे. जब वे फ्लैट में पहुंचे तो राधिका पंखे से लटकी हुई मिली. घर का गेट खुला था, जबकि बताया गया कि अंदर से कुंडी लगी हुई थी, जिसे खटखटाने पर खुल गया.

परिवार ने जताई हत्या की आशंका

राधिका के भाई जोतपाल सिंह का कहना है कि उन्हें इस पूरे मामले में शक है. उनका आरोप है कि राधिका के शरीर पर चोट या मारपीट के निशान दिखाई दे रहे थे. उन्होंने बताया कि राधिका के मुंह से खून भी निकल रहा था, जिसके कारण परिवार को यह मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का लग रहा है. परिजनों का कहना है कि यह सब घर के अंदर ही हुआ है.

डॉक्टरों ने नहीं दी स्पष्ट जानकारी

परिजन तुरंत राधिका को उतारकर एम्बुलेंस के जरिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, परिवार का कहना है कि डॉक्टरों की तरफ से अभी तक कोई साफ जानकारी नहीं दी गई है. उनका आरोप है कि राधिका के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में उसे फंदे पर लटका दिया गया.

पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.

न्याय की मांग कर रहा परिवार

परिवार ने अभी तक किसी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. राधिका के भाई ने हाथ जोड़कर न्याय की गुहार लगाई है और कहा है कि उनकी बहन के साथ इंसाफ होना चाहिए.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com