विज्ञापन

दिल्ली NCR के नए मास्टरप्लान पर आज मुहर, आधे घंटे में तय होगी बड़े शहरों की दूरी, नोएडा, गुरुग्राम से मेरठ-हापुड़ तक सुपरफास्ट रफ्तार

Delhi NCR Master Plan Latest News: दिल्ली एनसीआर मास्टर प्लान 2041 को आज मंजूरी मिलने वाली है. दिल्ली नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड की बैठक होगी. बड़े शहरों के बीच 30 मिनट एनसीआर के साथ आठ बड़ी स्मार्ट टाउनशिप को भी मंजूरी मिल सकती है.

दिल्ली NCR के नए मास्टरप्लान पर आज मुहर, आधे घंटे में तय होगी बड़े शहरों की दूरी, नोएडा, गुरुग्राम से मेरठ-हापुड़ तक सुपरफास्ट रफ्तार
Delhi NCR Master Plan 2041: दिल्ली एनसीआर का नया मास्टरप्लान
  • दिल्ली एनसीआर मास्टरप्लान 2041 पर आज प्लानिंग बोर्ड की बैठक में मुहर लगेगी
  • नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड की बैठक में एनसीआर राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे
  • एनसीआर में 30 मिनट में किसी भी शहर तक सफर और आठ नए शहरों को मंजूरी मिलने की संभावना
नई दिल्ली:

Delhi NCR Master Plan 2041: दिल्ली एनसीआर की तस्वीर बदलने वाली है. नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड (NCRPB) की 16 जून की बैठक में दिल्ली एनसीआर मास्टर प्लान 2041 पर मुहर लगेगी. बैठक का मुख्य एजेंडा क्षेत्रीय योजना 2041 (Draft Regional Plan 2041) के तहत भविष्य के रोडमैप पर मुहर लगाना है. इसमें सबसे बड़ा प्रस्ताव दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद जैसे एनसीआर के किसी भी बड़े शहर के बीच 30 मिनट में पहुंचने के ट्रांसपोर्ट प्लान को मंजूरी देने का है. साथ ही यमुना सिटी, न्यू नोएडा जैसे आठ बड़े शहरों को मंजूरी मिल सकती है. दरअसल,  2030 तक दिल्ली-एनसीआर आबादी के मामले में जापान के टोक्यो को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे बड़ा शहरी क्लस्टर बन जाएगा. एनसीआर की आबादी 3 करोड़ और बढ़ जाएगी, लिहाजा पूरे इलाके के लिए नया एनसीआर मास्टर प्लान 2041 बनाया जा रहा है. आइए जानते हैं डिटेल...

30 मिनट में NCR सुपरफास्ट कनेक्टिविटी

दिल्ली एनसीआर मास्टर प्लान 2041 में प्रस्ताव है कि दिल्ली से एनसीआर के सभी प्रमुख शहरों जैसे मेरठ, पानीपत, अलवर, करनाल, गुरुग्राम, बुलंदशहर, हापुड़, खुर्जा आदि की दूरी को समेटकर 30 मिनट कर दिया जाए. इसके लिए नमो भारत के नए कॉरिडोर, ऑर्बिटल रेल नेटवर्क और हाईस्पीड रेल यानी बुलेट ट्रेन के प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है. रीजनल मूवमेंट के लिए हेली-टैक्सी (Heli-Taxi) सेवाओं को हरी झंडी दी सकती है. 

टियर 1 (30 मिनट के भीतर)

दिल्ली की सीमाओं और एनसीआर के प्रमुख शहरों जैसे गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद, सोनीपत जैसे शहरों के बीच आधे घंटे में सफर होगा. सुपरफास्ट और एक्सप्रेस मास ट्रांजिट रेल के जरिए ये हाईस्पीड कनेक्टिविटी दी जाएगी.

टियर 2 (60 मिनट)

पारंपरिक या साधारण रेलवे और इंटरसिटी ट्रेनों के जरिए पूरे एनसीआर सब रीजन को 1 घंटे की कनेक्टिविटी के दायरे में लाना है. इसमें जींद, करनाल, हापुड़, बुलंदशहर जैसे शहर शामिल हैं. 

टियर 3 (2 से 3 घंटे)

एनसीआर के सबसे दूरदराज के क्षेत्रों जैसे अलवर, पानीपत या मेरठ के बाहरी इलाकों को रैपिड रेल यानी नमो भारत ट्रेन से कनेक्ट करना. एक्सप्रेसवे और चौड़ी सड़कों के नेटवर्क के जरिये कार या सड़क मार्ग से अधिकतम 2 से 3 घंटे की दूरी पर लाना.

दिल्ली एनसीआर का मास्टरप्लान

करीब 5 सालों के इंतजार के बाद दिल्ली एनसीआर एनसीआर का रीजनल प्लान 2041 आज उच्चस्तरीय बोर्ड मीटिंग में पेश होगा. अरावली समेत नेचुरल कंजरवेशन जोन पर भी चर्चा होगी. आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और एनसीआर के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड (NCRPB) की बैठक में शामिल होंगे. एनसीआर की जनसंख्या 2011 में 5.81 करोड़ थी, जिसमें करीब अब तक 3 करोड़ बढ़ोतरी का अनुमान है. 

दिल्ली एनसीआर का मास्टरप्लान 2041

  • 3 करोड़ आबादी जुड़ जाएगी अगले 10-15 सालों में एनसीआर में
  • 20 लाख करोड़ रुपये खर्च होंगे एनसीआर के डेवलपमेंट में 
  • 2030 तक एनसीआर टोक्यो को पीछे छोड़ सबसे बड़ा शहरी क्लस्टर बनेगा
  • एनसीआर मास्टर प्लान 2041 को मिलेगी मंजूरी बोर्ड की बैठक में 
  • एनसीआर में दिल्ली, यूपी, राजस्थान और हरियाणा के 24 जिले 
  • 58083 वर्ग किमी जमीन दिल्ली एनसीआर के दायरे में 

नमो भारत ट्रेन (RRTS) कॉरिडोर

नमो भारत ट्रेन के जरिये दिल्ली एनसीआर के बड़े शहरों को जोड़ने की तैयारी है. दिल्ली-पानीपत-करनाल, दिल्ली-अलवर, दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद रैपिड रेल कॉरिडोर पर एनसीआरटीसी का फोकस रहेगा. दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के बाद, अब दिल्ली-गुरुग्राम-शाहजहांपुर-नीमराणा-अलवर और दिल्ली-पानीपत-करनाल जैसे आठ नमो भारत कॉरिडोर के निर्माण को रफ्तार दी जाएगी. NCRPB बोर्ड लंबी दूरी, कम स्टॉपेज सुपरफास्ट ट्रेनों के लिए एक स्पेशल मास ट्रांजिट रेल सिस्टम लाने पर भी चर्चा होगी.ये आर्बिटल रेल बिना रुके सीधे दिल्ली और बाहरी एनसीआर टाउनशिप को जोड़ेंगी.

ये भी पढ़ें - Namo Bharat: दिल्ली से दौड़ेगी नई नमो भारत ट्रेन, फरीदाबाद-वल्लभगढ़ और पलवल होगा कनेक्ट, गुरुग्राम,पानीपत-करनाल के बाद एक और रैपिड रेल रूट

आठ नई स्मार्ट टाउनशिप का प्लान

दिल्ली पर जनसंख्या के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में 5 से 8 नई ग्रीनफील्ड टाउनशिप (नए शहर) बनाने का प्रस्ताव है. ये शहर महाराष्ट्र के औरिक (Aurangabad Industrial City) की तर्ज पर पूरी तरह स्मार्ट और आत्मनिर्भर होंगे. पानी, बिजली, कचरा निस्तारण जैसी सारी सुविधाएं शहर खुद निपटेगा. यूपी के लिहाज से यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एरिया (YEIDA) को 20 लाख की आबादी वाले नए ग्रीनफील्ड शहर घोषित किया जा सकता है.

हरियाणा का पंचग्राम प्रोजेक्ट, यूपी में न्यू नोएडा

हरियाणा के पंचग्राम प्रोजेक्ट को इस मास्टर प्लान में जोड़ने की तैयारी है.हरियाणा के KMP के किनारे पंचग्राम और यूपी में न्यू नोएडा या यमुना सिटी का प्रस्ताव है. इन शहरों को हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के करीब बसाया जाएगा.रेलवे स्टेशन या रैपिड ट्रांजिट नोड के चारों तरफ ही ऑफिस, बाजार और रिहायशी इमारतें होंगी, जिससे व्यक्ति को घर से निकलते ही सीधे सुपरफास्ट ट्रेन मिल जाए.

ये भी पढ़ें - NCR में बसेंगे 8 नए स्मार्ट शहर, 30 मिनट में दिल्ली से सफर होगा पूरा, यूपी- हरियाणा-राजस्थान जुड़ेंगे

    एनसीआर का दायरा छोटा नहीं होगा

    हरियाणा सरकार ने मांग की थी कि उसके 5 जिलों महेंद्रगढ़, जींद, भिवानी, चरखी दादरी और करनाल को एनसीआर के दायरे से बाहर किया जाए. सीएम नायब सिंह सैनी सरकार का कहना है कि कड़े नियमों के कारण वहां विकास परियोजनाओं में दिक्कत आ रही है. हालांकि बैठक के एजेंडे के मुताबिक, एनसीआर के मौजूदा दायरे (55083 वर्ग किमी) में कोई कटौती नहीं की जाएगी. बोर्ड इसे यथावत रखने का प्रस्ताव पारित कर सकता है. इससे हरियाणा का सब रीजनल प्लान पहले की तरह ही लागू रहेगा.

    ये भी पढ़ें - नोएडा एयरपोर्ट से फ्लाइट ही नहीं, रैपिड रेल और बुलेट ट्रेन भी मिलेगी, मेट्रो के साथ जेवर रेलवे स्टेशन भी बनेगा

    ये भी पढ़ें - दिल्ली से सिलीगुड़ी नई बुलेट ट्रेन का ऐलान, 6 घंटे में 1500 किमी, लखनऊ, बनारस-पटना से बंगाल तक 11 स्टेशन
     

    NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

    फॉलो करे:
    Delhi NCR Master Plan 2041, Delhi NCR NEWS, Namo Bharat Corridor In Delhi NCR, National Capital Region Planning Board, Bullet Train
    Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com