- दिल्ली मेट्रो ने कर्तव्य भवन से इंद्रप्रस्थ तक अंडरग्राउंड कॉरिडोर बनाने के लिए टेंडर जारी किया है
- इस कॉरिडोर में दो ट्विन टनल और चार नए अंडरग्राउंड स्टेशन बनाए जाएंगे
- इंडिया गेट के नीचे से मेट्रो दौड़ेगी और रोजाना दो लाख से अधिक यात्रियों को लाभ मिलेगा
दिल्ली मेट्रो को नई रफ्तार मिलने जा रही है. डीएमआरसी ने कर्तव्य भवन से इंद्रप्रस्थ के बीच अंडरग्राउंड कॉरिडोर बनाने के लिए टेंडर जारी किया है. मार्च तक कॉरिडोर के लिए मेट्रो सुरंग और चार स्टेशनों को बनाए जाने का काम शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है. DMRC ने 4.94 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड हिस्से के लिए एक बड़ा टेंडर जारी किया है, जिसमें दो ट्विन टनल, चार नए अंडरग्राउंड स्टेशन शामिल हैं. यह प्रोजेक्ट सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर का हिस्सा है, जिस पर कुल 9 अंडरग्राउंड स्टेशन बनाए जाएंगे.यह कॉरिडोर करीब साढ़े तीन साल में तैयार होने की उम्मीद जताई जा रही है. इसके बनने से इंडिया गेट और वॉर मेमोरियल पहुंचना बहुत आसान हो जाएगा.
इंडिया गेट के नीचे दौड़ेगी मेट्रो
मेट्रो के इस कॉरिडोर के शुरू होने से हर दिन दिल्ली आने-जाने वाले 2 लाख से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा, खासकर भारत मंडपम की ओर जाने वाले लोगों को बहुत फायदा होगा. अब मेट्रो इंडिया गेट के नीचे से दौड़ेगी. लोग बिना ट्रैफिक में फंसे मेट्रो से यात्रा कर सकेंगे. टेंडर के मुताबिक,EC-04 के तहत कर्तव्य भवन और इंद्रप्रस्थ स्टेशन के बीच शील्ड टनल बोरिंग मशीन से दो बराबर सुरंगें खोदी जाएंगी. इसमें इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस और भारत मंडपम पर अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे. साथ ही पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए सबवे भी बनाए जाएंगे.
ट्विन टनल और 4 नए स्टेशन बनेंगे
टेंडर के मुताबिक, इन सुरंगों का निर्माण 42 महीनों के भीतर किया जाना है. साथ ही कनेक्टिंग सबवे और एंट्री-एग्जिट गेट भी बनाए जाएंगे. इस प्रोजेक्ट के लिए जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी ने लोन दिया है. बता दें कि DMRC ने 25 सितंबर को ही इसके लिए टेंडर जारी कर दिया था. 9 नवंबर तक इसके लिए बोलियां लगाई जा सकेंगी. इस कॉन्ट्रैक्ट को 42 महीने या 1,260 दिन में पूरा करना होगा.
सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के बारे में जानें
सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर को मेट्रो के फेज 5 (A) के तहत विकसित किया जा रहा है. यह जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम मार्ग तक मजेंटा लाइन का विस्तार है. यह सेंट्रल विस्टा क्षेत्र से होकर सभी कर्तव्य भवनों को आपस में जोड़ेगा. इस प्रोजेक्ट पर करीब 9,570.40 करोड़ रुपये का खर्च आएगा.
मेट्रो से भारत मंडपम पहुंचना होगा आसान
इसके तहत चार अंडरग्राउंड स्टेशन बनेंगे, जो कि इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, भारत मंडपम और बड़ौदा हाउस में होंगे. ये सभी स्टेशन ये सभी स्टेशन इंटरलिंकिंग सबवे के जरिए ऐसे डिजाइन किए जाएंगे कि यात्री बिना सड़क पर निकले सीधे कर्तव्य पथ, सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और कन्वेंशन सेंटर तक पहुंच सकेंगे.
सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर में बनेंगे 9 अंडरग्राउंड स्टेशन
सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर में कुल 9 अंडरग्राउंड स्टेशन बनाए जाने हैं. इस रूट पर शिवाजी स्टेडियम, कर्तव्य भवन, युगे युगीन भारत, इंडिया गेट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम, वॉर मेमोरियल, हाई कोर्ट और इंद्रप्रस्थ शामिल होंगे. बता दें कि सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर निर्माण कार्य पहले से ही जारी है, जिससे नई मैजेंटा लाइन एक्सटेंशन को मौजूदा येलो और वायलेट लाइनों से सीधे जोड़ा जा सके.टेंडर के लिए 7 अक्टूबर को प्री-बिड मीटिंग और 2 नवंबर को सुबह 9 बजे से 9 नवंबर की दोपहर 3 बजे तक ऑनलाइन बोलियां जमा कराई जाएंगी. वहीं 10 नवंबर को टेक्निकल बिड ओपन होगी.
ये Video भी देखें:|Mumbai Metro को लेकर BMC Commissioner Ashwini Bhide ने बताया आगे का प्लान!| TOP NEWS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं