विज्ञापन

दो दिन में दो रेप और IRS अफसर की बेटी की हत्या... दिल्ली के अमर कॉलोनी हत्याकांड में 10 रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे

दिल्ली के अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल मीणा को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है.

दो दिन में दो रेप और IRS अफसर की बेटी की हत्या... दिल्ली के अमर कॉलोनी हत्याकांड में 10 रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे
दिल्ली के अमर कॉलोनी मर्डर मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं
  • दिल्ली के अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या उसके पूर्व नौकर राहुल मीणा ने की
  • आरोपी ने पीड़िता के साथ यौन उत्पीड़न के बाद मोबाइल चार्जर की तार से गला घोंटकर हत्या की और घर से नकदी लूटी
  • राहुल ने हत्या से पहले राजस्थान के अलवर में एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म किया था
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में एक IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी खौफनाक हत्या ने सनसनी मचा दी है. इस वारदात को घर के पुराने नौकर ने ही अंजाम दिया. आरोपी ने मोबाइल के चार्जर की तार से गला घोटकर लड़की की हत्या की. आरोपी ने हत्या से पहले उसके साथ यौन उत्पीड़न भी किया. पुलिस ने आरोपी नौकर राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में जो बातें सामने आई हैं, वो दहला देने वाली हैं. इस दरिंदे ने दिल्ली आकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने से महज कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म किया था. इस खौफनाक वारदात के 10 बड़े अपडेट यहां जानिए.

1. पूर्व नौकर ही निकला आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिल्ली में हुई इस खौफनाक को IRS अधिकारी के घर में काम करने वाले पूर्व नौकर ने अंजाम दिया. जॉइंट सीपी विजय कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 15 अलग-अलग टीमें बनाई थीं. टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर आरोपी राहुल मीणा को द्वारका से गिरफ्तार कर लिया गया है. वह इसी घर में सर्वेंट के तौर पर काम करता था.

2. हत्या से पहले किया रेप और घर में लूट भी की

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी राहुल ने घर में घुसकर 22 वर्षीय पीड़िता के साथ यौन उत्पीड़न किया और फिर मोबाइल केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसने अलमारी खंगाली और करीब 2 से ढाई लाख रुपये कैश लूटकर फरार हो गया.

3.अलवर में भी किया था रेप

पुलिस की जांच में सबसे दहला देने वाला खुलासा यह है कि आरोपी ने दिल्ली की घटना से ठीक एक रात पहले अलवर में अपने पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म किया था. महिला के पति ने राहुल के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया है. इस वारदात को अंजाम देकर वो सीधे दिल्ली आया और सुबह-सुबह इस हत्याकांड को अंजाम दिया.

Latest and Breaking News on NDTV

4. क्यों किया लड़की मर्डर?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे दो मुख्य वजहें नजर आ रही हैं. पहला, राहुल को लूडो जैसे ऑनलाइन गेमिंग की लत थी और उस पर काफी कर्ज था. दूसरा, दिल्ली में IRS अधिकारी ने उसे महीनेभर पहले नौकरी से निकाल दिया था. उसे नौकरी से निकाले जाने की खुन्नस भी थी. उसने अपने पुराने मालिक से बदला लेने की ठानी और यह प्लान बना डाला.

5. नौकरी से क्यों निकाला गया था?

राहुल को एक रेफरेंस के जरिए नौकरी पर रखा गया था. लेकिन वह आसपास के घरों के स्टाफ से पैसे उधार लेता था और वापस नहीं करता था. ऑनलाइन गेमिंग की लत और उधार मांगने की शिकायतों के बाद, IRS अधिकारी ने उसे करीब डेढ़ महीने पहले ही नौकरी से निकाल दिया था.

6. होनहार थी पीड़िता

मृतका महज 22 साल की थी. उसने DPS R.K. पुरम से स्कूलिंग के बाद IIT दिल्ली से इंजीनियरिंग की थी और फिलहाल UPSC की तैयारी कर रही थी. वह एक अच्छी डांसर भी थी, जिसने कई अवॉर्ड जीते थे. पीड़िता का बड़ा भाई एक MNC में सीनियर पोस्ट पर है और मां डॉक्टर हैं.

7. घर में कैसे घुसा हत्यारा?

आरोपी राहुल घटना वाले घर में ही काम करता था. उसे घर की चप्पे-चप्पे की जानकारी थी. उसे पता था कि घर की मेड छुट्टी पर है और एक्स्ट्रा चाबी बाहर एक खास जगह पर रखी जाती है. सुबह करीब 6:30 बजे उसने उसी चाबी का इस्तेमाल किया और सीधा ऊपर के फ्लोर में पीड़िता के कमरे में पहुंच गया.

8. पुलिस को कैसे हुआ राहुल पर शक?

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खून से सने अपने कपड़े और जूते बदल लिए ताकि किसी को उस पर शक न हो. लेकिन घर के बाहर लगे CCTV फुटेज में उसे एंट्री और एग्जिट के वक्त अलग-अलग कपड़ों और एक पिट्ठू बैग के साथ साफ तौर पर देखा गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल मीणा को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है।

9. अलवर पुलिस का एक्शन

दिल्ली पुलिस आरोपी की तलाश करते-करते उसरे शहर अलवर तक पहुंची. अलवर पुलिस ने पहले ही उसके खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया था. अलवर पुलिस के अनुसार, आरोपी रेप पीड़िता के पति के साथ ऑनलाइन लूडो खेलता था. परिजनों की शिकायत पर राजगढ़ थाने में FIR दर्ज कर ली गई है और पीड़िता का मेडिकल करवाया गया.

यह भी पढ़ें: आरोपी को पुलिस ने OYO से किया गिरफ्तार, CCTV फुटेज भी आया सामने

10. पिता और दोस्त हिरासत में

दिल्ली पुलिस की 4 टीमें अलवर पुलिस के साथ मिलकर इस जॉइंट ऑपरेशन को लीड कर रही हैं. इस मामले की कड़ियां जोड़ने और सबूत जुटाने के लिए पुलिस ने आरोपी राहुल के पिता और कुछ दोस्तों को हिरासत में लिया है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है.

यह भी पढ़ें: शादीशुदा महिला से रेप कर पुलिस से बचते हुए पहुंचा दिल्ली, फिर IRS अफसर की बेटी को उतारा मौत के घाट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com