राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का मार्च चल रहा था. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक कश्मीरी सपोर्टर आ गया और नारे लगाने लगा. खुद का नाम फहीम नजीर बताने वाले कश्मीरी शख्स ने कहा, "देश को नेपाल और बांग्लादेश बनाने की साजिशें चल रही हैं. मेरी जिम्मेदारी है कि देश को नेपाल और बांग्लादेश नहीं बनने देना है." मीडिया से बात करते हुए उसने आगे कहा कि राहुल गांधी से सवाल करो. इस दौरान कश्मीरी शख्स रोने लगा. इस दौरान, मौके पर खूब हंगामा देखने को मिला और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के सपोर्ट में नारे लगाने वाले शख्स की पिटाई भी की. इस पर उसने कहा कि मैंने राहुल गांधी गाली नहीं दी, मैं बस सवाल पूछने आया हूं. देश में लोकतंत्र है.
कांग्रेस पर बीजेपी का अटैक
कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा युवक पर हुए हमले को लेकर बीजेपी ने हमला किया है. बीजेपी ने कहा- "देश की राजधानी में अराजकता की जा रही है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कश्मीरी युवक को पीटा. देश राहुल की मनमानी देख रहा है, उनके मन में हताशा है. राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए."
कांग्रेस का 'ब्लैक-डे' प्रोटेस्ट...
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्ष के नेताओं के साथ दिल्ली पुलिस की बदसलूकी के आरोपों पर ऐतराज जताते हुए, कांग्रेस ने अपनी राज्य इकाइयों से गुरुवार, 8 अक्टूबर, 2026 को राज्यों में 'ब्लैक-डे' मनाने और विरोध प्रदर्शन करने को कहा है. इसके अलावा, कांग्रेस चीफ खरगे ने आज फिर से विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया है. कनॉट प्लेस स्थित एक रेस्टोरेंट में पौने दो बजे आने का न्यौता भेजा गया है. लंच करने के बाद विपक्षी सांसद प्रोटेस्ट के लिए रवाना हो सकते हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष के इन्विटेशन में कहा गया है, "मैं आपको और लोकसभा व राज्यसभा में आपके सभी सदस्यों को आज, यानी 8 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:45 बजे 'मोएट्स' K-14, आउटर सर्कल, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली में लंच के लिए आमंत्रित करता हूं."
लगातार मिल रहे न्योतों से पता चलता है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सरकार पर दबाव बनाए रखना चाहते हैं. वे वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना अभियान तेज करते दिख रहे हैं.
यह भी पढ़ें | LIVE: CEC के खिलाफ इंडिया गठबंधन का तीसरे दिन भी प्रदर्शन, राहुल बोले- कार्यकर्ता तोड़फोड़ नहीं करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं