विज्ञापन
This Article is From Dec 18, 2012

गैंगरेप की शिकार फिलहाल होश में, लेकिन बेहद गंभीर, चार गिरफ्तार

दिल्ली गैंगरेप के मुख्य आरोपी रामसिंह को पुलिस ने आज साकेत कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
नई दिल्ली: दिल्ली में बस में गैंगरेप के वहशियाना मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर नीरज कुमार ने कहा कि इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार दो अपराधियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार किए जा चुके आरोपियों के नाम हैं, रामसिंह, पवन, विनय और मुकेश। बिहार स्थित औरंगाबाद के फरार आरोपी अक्षय ठाकुर की तलाश जारी है।

दिल्ली गैंगरेप के मुख्य आरोपी रामसिंह को पुलिस ने आज साकेत कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

उधर, सामूहिक बलात्कार की शिकार यह मेडिकल छात्रा हॉस्पिटल में होश में आ चुकी है, और उसने लिख-लिखकर डॉक्टरों से बात भी की है, लेकिन उसकी हालत अब भी बेहद गंभीर है। डॉक्‍टरों के मुताबिक लड़की के आंतरिक अंगों और पेट में काफी गंभीर चोटें आई हैं और अगले 24 घंटे उसके लिए खतरनाक है। शाम को एक बार पीड़िता की तबीयत खराब हो गई और उसे पूरी तरह से कृत्रिम स्वास यंत्र पर रखा गया है।

मामले की जांच कर रही पुलिस ने पहले सीसीटीवी फुटेज के जरिये बस की पहचान की और फिर आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही। बस दिल्ली के आरके पुरम इलाके से बरामद की गई है।

जिंदगी और मौत से जूझ रही गैंगरेप पीड़ित अस्पताल में भर्ती होने के बाद से पांच बार कोमा में जा चुकी है। उसे रह-रह कर होश आ रहा है। उसके सिर में गहरी चोट आई है और 23 टांके लगाए गए हैं। सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों का कहना है कि यहां आने के बाद से उसकी तीन बार लाइफ सेविंग सर्जरी की जा चुकी है, लेकिन हालत अभी नाजुक बनी हुई है। उसे जब भी होश आता है तो वह रोने लगती है। लड़की के शरीर के अंदरूनी हिस्सों पर तो चोटें आई ही हैं, उसके शरीर के ऊपर गले और बाहों पर भी चोट के निशान हैं। ऐसा माना जा रहा है कि आरोपियों ने विरोध करने पर लड़की को भी मारा-पीटा था। अगले 48 घंटे उसके लिए काफी चिंताजनक हैं।

जांच में लगी मेडिकल टीम का कहना है कि उसे चोट इतनी ज्यादा आई थी कि शरीर से करीब 1 लीटर खून निकल चुका था। उसकी आंतों को भी गहरी चोट पहुंची है और वहां तक खून की सप्लाई ठीक से नहीं हो पा रही है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि पीड़ित लड़की का सीटी स्कैन भी किया गया, जिसमें पता चला कि उसकी रीढ़ की हड्डी में भी चोट लगी है। उसे अस्पताल के आईसीयू में एक्सपर्ट डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उसकी जांच में छह डॉक्टर लगे हैं, जो जल्द से जल्द उसे सामान्य कंडीशन में लाने का प्रयास कर रहे हैं। उसके दोस्त का भी इलाज आईसीयू में चल रहा है।

गौरतलब है कि रविवार रात को यह लड़की और उसका दोस्त मुनिरका से द्वारका जाने के लिए बस में बैठे, जिसके बाद लड़की के साथ कुछ बदमाशों ने छेड़छाड़ शुरू की बाद में विरोध करने पर लड़के को रॉड से मारकर घायल कर दिया और लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया। बाद में बदमाशों ने दोनों को बस से बाहर फेंक दिया गया। लड़की की हालत काफी गंभीर है और वह आईसीयू में भर्ती है।
लेखक के बारे में
img
NDTVIndia
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
दिल्ली गैंगरेप, नीरज कुमार, महिपालपुर गैंगरेप, बस में रेप, Delhi Gangrape, Mahipalpur Gangrape, Rape In Bus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com