Delhi Building Collapse LIVE: दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में रविवार को बड़ा हादसा हो गया. 6 मंजिला बिल्डिंग गिरने से कई छात्रों के मलबे में दबे होने की आशंका है. दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं. बताया जा रहा है कि हादसा करीब 1 बजकर 30 मिनट पर हुआ है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
All Live Updates...
Satya Niketan Building Collapse: मैजिस्ट्रियल जांच और बिल्डिंग मालिक के खिलाफ FIR का आदेश: दिल्ली CM
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन में हुए हादसे का जायजा लेने के बाद मैजिस्ट्रियल जांच और बिल्डिंग मालिक के खिलाफ FIR का आदेश दिया है.
सीएम ऑफिस ने एक्स पोस्ट कर लिखा,"मौके पर जाकर जांच करने और शुरुआती जांच के आधार पर, मुख्यमंत्री ने घटना की मैजिस्ट्रियल जांच और बिल्डिंग मालिक के खिलाफ FIR का आदेश दिया है. इस गंभीर घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उन्हें पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाएगा और कानून के सबसे सख्त नियमों के तहत उनसे निपटा जाएगा."
गैर इरादतन हत्या के तहत मामला दर्ज, पुलिस ने क्या बताया?
सत्य निकेतन मामले में दिल्ली पुलिस ने हॉस्टल मालिक आनंद बंसल के भाई हरिराम बंसल के खिलाफ साउथ कैंपस थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया है. बिल्डिंग हादसे में गैर इरादतन हत्या और लापरवाही समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज हुआ है.
केस में कथित मालिक हरिराम और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है. दिल्ली पुलिस के अनुसार यह इमारत पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी.
हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था, जिसके चलते इमारत गिर गई. आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं. अब तक कुल 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है.
इन धाराओं में मामला दर्ज किया है.
- 105 BNS गैर-इरादतन हत्या
- 290 BNS इमारतों को गिराने, मरम्मत करने या निर्माण करने के दौरान किए गए लापरवाही भरे आचरण से संबंधित
- 125 BNS ऐसे किसी भी कार्य से संबंधित है जो लापरवाही या जल्दबाजी (उतावलेपन) के कारण दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालता है
Delhi Building Collapse LIVE: हॉस्टल मालिक आनंद बंसल के भाई हरिराम बंसल के खिलाफ मामला दर्ज
सत्य निकेतन मामले में दिल्ली पुलिस ने हॉस्टल मालिक आनंद बंसल के भाई हरिराम बंसल के खिलाफ मामला दर्ज किया है. हालांकि ये जानकारी नहीं है कि इमारत किसके नाम पर थी.
Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन हादसे में 5 की मौत, सामने आई हॉस्टल मालिक की तस्वीर
हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. जिस इमारत में हादसा हुआ है उसमें हॉस्टल चल रहा था. ये इमारत साल भर पहले खाली कराई गई थी. बावजूद इसके हॉस्टल और पीजी चलाया जा रहा था. अब इमारत के मालिक आनंद बंसल की पहली तस्वीर सामने आई है. मालिक को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
Delhi Building Collapse: हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
इस हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दिल्ली के सत्य निकेतन में एक इमारत गिरने की घटना दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना. अधिकारी मौके पर काम कर रहे हैं और हादसे में प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं."
Delhi Building Collapse: बेसमेंट में खुदाई की वजह हुआ हादसा: CM रेखा गुप्ता
सत्य निकेतन इलाके में 6 मंजिला इमारत गिरने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि ये हादसा तब हुआ जब इमारत के बेसमेंट में काम चल रहा था. इस दौरान किसी पिलर की खिसकने से हादसा हो गया.
LIVE: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हालात का लिया जायजा
स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने दिल्ली के CM से बात की और बिल्डिंग गिरने की घटना का जायजा लिया. हेल्थ मिनिस्ट्री से पूरी मदद का भरोसा दिया. AIIMS डायरेक्टर और सेंट्रल गवर्नमेंट हॉस्पिटल को हर तरह की मदद और सहायता देने का निर्देश दिया.
Delhi Hostel Collapse: हादसे में तीन की मौत, 9 लोगों का रेस्क्यू
सत्य निकेतन में हॉस्टल की इमारत गिरने के बाद तीन लोगों की मौत हो गई है. अब तक 9 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है. इस हादसे के बाद एनडीआरएफ समेत कई एजेंसियां रेस्क्यू में जुटी हैं. गृह मंत्री अमित शाह हालात पर करीबी से नजर बनाए हुए हैं.
दिल्ली पुलिस ने मालिक आनंद बंसल के खिलाफ दर्ज किया एफआईआर
सत्य निकेतन में हॉस्टल की इमारत गिरने के बाद मालिक आनंद बंसल के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है.
दिल्ली में इमारत ढहने के बाद अमित शाह ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, शीर्ष अधिकारियों से बात की
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के 'साउथ कैंपस' के पास पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात की. पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य की हालत गंभीर है.
अमित शाह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना से वह बहुत दुखी हैं. उन्होंने कहा, "मैंने मुख्यमंत्री, दिल्ली के पुलिस आयुक्त और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) के महानिदेशक से बात की तथा जमीनी हालात का जायजा लिया."
शाह ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ मिलकर बचाव अभियान चला रहे हैं. उन्होंने कहा, "घायलों को हर जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है. सभी घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना करता हूं."
Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सत्य निकेतन हादसे को लेकर जारी कि ट्रैफिक एडवायजरी
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मोती बाग इलाके के आसपास का ट्रैफिक अलर्ट शेयर किया है. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, प्रभावित इलाके के आसपास ट्रैफिक मूवमेंट को रेगुलेट/डायवर्ट किया जा सकता है ताकि बचाव और इमरजेंसी ऑपरेशन में आसानी हो.
ट्रैफिक पुलिस की सलाह है कि अगर हो सके तो प्रभावित इलाके से बचें. एम्बुलेंस, फायर टेंडर और इमरजेंसी गाड़ियों के लिए सड़कें साफ रखें. घटनास्थल के पास रुकने या पार्किंग करने से बचें.
इसके साथ ही दिल्ली ट्रैफिक हेल्पलाइन 1095 / 2584 4444 कॉल भी कर सकते हैं.
Delhi Building Collapse: एलजी तरनजीत सिंह संधू पहुंचे
हादसे की जगह पर दिल्ली के एलजी तरनजीत सिंह संधू पहुंच चुके हैं. इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता में घटनास्थल पर पहुंची थीं.
Delhi Hostel Collapse: सत्य निकेतन हादसे में एक की मौत, कई घायल; रेस्क्यू अब भी जारी
सत्य निकेतन हादसे में एक शख्स की मौत हो गई है. अभी मलबे से कम से कम 8 लोगों को निकाला गया है.
Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन पहुंची CM रेखा गुप्ता, सांसद बांसुरी स्वराज और कपिल मिश्रा भी साथ
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता हादसे वाली जगह पर पहुंची हैं. कपिल मिश्रा भी उनके साथ हैं. उनके साथ सांसद बांसुरी स्वराज भी सत्य निकेतन पहुंची हैं.
Delhi Building Collapse LIVE: अमित शाह ने गोवा का इवेंट कैंसिल किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की घटना की जानकारी मिलने के बाद अपना गोवा का इवेंट कैंसिल कर दिया है. उन्हें आज गोवा के चिंबेल में नए बने BJP स्टेट ऑफिस की बिल्डिंग का उद्घाटन करना था.
इवेंट कैंसिल करने के बाद अमित शाह दिल्ली वापस लौट आए हैं.
Delhi Building Collapse: दिल्ली पुलिस ने बताया उसे हादसे के बारे में कैसे पता चला
दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना पर बयान जारी किया है. पुलिस ने बताया कि PS साउथ कैंपस में दोपहर करीब 1:34 PM बजे सत्य निकेतन मार्केट में एक बिल्डिंग गिरने की PCR कॉल आई. दिल्ली पुलिस, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस और DDMA की टीमें, फायर टेंडर और CATS एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं और बचाव का काम शुरू किया. ज्वाइंट सीपी/नई दिल्ली रेंज, DCP/साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट और Addl. DCP ऑपरेशन को सुपरवाइज कर रहे हैं.
लोकल पूछताछ से पता चला कि यह 40-50 साल पुरानी बिल्डिंग थी. इसमें एक बेसमेंट और पांच ऊपरी फ्लोर थे और इसे PG रहने की जगह के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था. जब यह घटना हुई तो बेसमेंट में रिपेयर का काम चल रहा था. अब तक, छह लोगों को बचाया गया है और हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है. सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन में इमारत ढहने के बाद अब तक क्या है मालूम?
इस इमारत के बेसमेंट में काम चल रहा था. गुरुग्राम के रहने वाले आनंद बंसल इसके मालिक हैं. बताया जा रहा है कि यह करीब 10 कमरों वाला एक PG है. इमारत के नीचे एक मेडिकल शॉप चल रही थी. फंसे हुए लोगों को ऑक्सीजन देने के लिए ब्लिंकिट से ऑक्सीजन सिलेंडर भी मंगवाए गए. बचाए गए लोगों को हॉस्पिटल भेज दिया गया है और लोगों को बाहर निकाला जा रहा है. मालिक गुरुग्राम के रहने वाले हरिओम बंसल और उनके भाई आनंद बंसल बताए जा रहे हैं, जो 3 से 4 PG चलाते हैं. दिल्ली पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
Delhi Building Collapse: एम्स में NSUI का हंगामा, 8 लोगों का हुआ रेस्क्यू
हादसे के बाद एम्स में कई लोगों को भर्ती कराया गया है. एम्स परिसर में NSUI की टीम का हंगामा हो रहा है. इस हादसे में अब तक 8 लोगों को रेस्क्यू किया गया है. 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है.
Delhi Building Collapse: दिल्ली पुलिस केस दर्ज कर रही, मालिक आनंद बंसल की हो रही खोज
हॉस्टल ढहने के बाद दिल्ली पुलिस केस दर्ज कर रही है. पुलिस पीजी के मालिक आनंद बंसल को खोज रही है. जानकारी के मुताबिक, इस इमारत को एक साल पहले ही खाली करा दिया गया था. लेकिन इसके बावजूद बिल्डिंग को दोबारा खोल कर पीजी शुरू कर दिया गया.
Delhi Building Collapse LIVE: AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सत्य निकेतन हॉस्टल बिल्डिंग गिरने की घटना पर क्या कहा?
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने हादसे को लेकर कहा, "सत्य निकेतन में एक और बिल्डिंग गिरने की घटना हुई, यह DU के साउथ कैंपस कॉलेज के स्टूडेंट्स का PG अकोमोडेशन था. मलबे में करीब 30-40 स्टूडेंट्स के दबे होने की आशंका है. MCD के बिल्डिंग डिपार्टमेंट में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ट्रांसफर का रेट 1.25 करोड़ है. तो यह रुकने वाला नहीं है. यह साकेत बिल्डिंग गिरने जैसी ही कहानी है. ऑडिट के नाम पर, फिर से बिजनेस, जिम, होटल, हॉस्पिटल से करोड़ों की लूट होगी. कुछ नहीं बदलेगा."
Satya Niketan Collapse News: 4 लोगों को मलबे से निकाला गया, 3 की हालत नाजुक
सत्य निकेतन इमारत ढहने के बाद इसके मलबे से 4 लोगों को निकाला गया है. जानकारी के मुताबिक, 3 लोगों की हालत नाजुक है.
Satya Niketan LIVE Updates: हॉस्टल की इमारत ढहने पर DUSU प्रेसिडेंट आर्यन मान ने क्या कहा?
साउथ-वेस्ट दिल्ली में सत्य निकेतन के पास बिल्डिंग गिरने की घटना पर DUSU प्रेसिडेंट आर्यन मान ने कहा, "अभी तक करीब 10-15 स्टूडेंट्स को बचाया गया है, हालांकि कुछ अभी भी अंदर फंसे हुए हैं. हम उनसे बातचीत कर रहे हैं और पूरी NDRF टीम आ गई है. मैंने चीफ मिनिस्टर से बात की है और दूसरी टीमें भी स्टूडेंट्स की मदद के लिए जा रही हैं. अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. सभी स्टूडेंट्स को हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है; इसमें करीब 15-20 स्टूडेंट्स शामिल थे और 10 को बचा लिया गया है. हमें अभी तक उनकी हालत के बारे में खास जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया है. मैंने चीफ मिनिस्टर और कमिश्नर से बात की है. हम इस घटना के बारे में सभी के साथ कोऑर्डिनेट कर रहे हैं और सभी टीमें साइट पर मौजूद हैं."
Delhi Building Collapse LIVE: दिल्ली में बिल्डिंग ढहने की घटना पर कांग्रेस नेता का रिएक्शन
सत्य निकेतन के पास बिल्डिंग गिरने की घटना पर कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने कहा, "चुनाव से कहीं ज़्यादा जरूरी मुद्दा यह है कि यहां बच्चे कैसे अपनी जान गंवा रहे हैं और दिल्ली में बिल्डिंग कैसे इस तरह गिर रही हैं. जिस तरह से इन बच्चों की जान गई, वह बहुत दुखद है. सरकार को तुरंत इन बच्चों और उनके परिवारों की मदद करनी चाहिए और यह पक्का करने की पूरी कोशिश करनी चाहिए कि ऐसी दुखद घटना दोबारा न हो. यह सच में दिल तोड़ने वाला है. अभी, बच्चों की मदद करने पर ध्यान देना चाहिए."
#WATCH | Delhi: On the building collapse near Satya Niketan in South-West Delhi, Congress Abhishek Dutt says, "The issue far more significant than the election itself is the manner in which children are losing their lives here and how buildings in Delhi keep collapsing like this.… pic.twitter.com/vvMwSCiwoa
— ANI (@ANI) September 6, 2026
Delhi Building Collapse: इमरजेंसी व्हीकल को निकालने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया
सत्य निकेतन इलाके में जो 6 मंजिला इमारत ढहा है वो एक हॉस्टल और पीजी था. शुरूआती जानकारी के मुताबिक करीब 75 बेड का पीजी था. हादसे के बाद इमरजेंसी व्हीकल को निकालने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है. वहीं भीड़ को कंट्रोल करने के लिए आरएएफ बुलाया गया है.
सत्य निकेतन में बिल्डिंग का मलबा हटाने का काम जारी, मौके पर दमकल की 12 गाड़ियां मौजूद
सत्य निकेतन इलाके में एक हॉस्टल की इमारत के गिरने के बाद अब मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है. मौके पर जेसीबी के साथ-साथ दमकल की भी 12 गाड़िया मौके पर मौजूद हैं. अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है.
Delhi Building Collapse LIVE: सीएम रेखा गुप्ता ने घटना पर जताया दुख
सीएम रेखा गुप्ता ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर जानकारी दी कि, ''RK पुरम के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना से बहुत चिंता है. DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर बचाव कार्य कर रही हैं. एहतियात के तौर पर बगल की इमारत को खाली करा लिया गया है। फँसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुँचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है. हालात पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियाँ आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। हर नागरिक की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.''
Delhi Building Collapse LIVE: चश्मदीद ने कहा- बच्चे चिल्ला रहे हैं, हमें बचाओ, हमें बचाओ
चश्मदीद युवक ने कहा, "मेरी दुकान पास ही है. हम अंदर बैठे थे तभी अचानक हमें भूकंप जैसी गड़गड़ाहट की आवाज़ सुनाई दी. हम तुरंत बाहर भागे, वहां बहुत धुआं और धूल थी. पूरी इमारत गिर चुकी थी. कुछ शव निकाले गए और चार ऐसे बच्चों को भी बचाया गया जिनकी सांसें चल रही थीं. मलबे के अंदर से अभी भी आवाज़ें आ रही हैं. बच्चे चिल्ला रहे हैं, 'हमें बचाओ, हमें बचाओ!'... वहां कम से कम 25-30 बच्चे थे. पास ही लड़कों और लड़कियों का PG था. 4-5 लोगों को बचाया गया है; 2-3 शव निकाले गए हैं और और भी शव मिलने की आशंका है. वे बेसमेंट बना रहे थे.
#WATCH | Delhi: On the building collapse near Satya Niketan in South-West Delhi, an eyewitness says, "I have a shop nearby. We were sitting inside it when we suddenly heard a sound—like the rumble of an earthquake. We rushed out immediately; there was a lot of smoke and dust… pic.twitter.com/hGwQuo5IZK
— ANI (@ANI) September 6, 2026
Building Collapse In Delhi LIVE: पुलिस, फायर, एंबुलेंस, और NDRF की टीमें मौके पर मौजूद
दिल्ली पुलिस को बिल्डिंग गिरने की सूचना करीब 1:34 पर मिली. फिलहाल, मौके पक लोकल पुलिस स्टॉफ, फायर, एंबुलेंस, और NDRF की टीमें मौजूद हैं. कुल कितने लोग फंसे हैं इसकी डिटेल साझा की जाएगी.
Building Collapse In Delhi LIVE: बीजेपी विधायक मौके पर पहुंचे
भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने कहा, ''सटीक आंकड़ा बता पाना मुश्किल है कि कितने बच्चे हैं... हमें पक्का पता है कि छात्र अंदर फंसे हुए हैं. NDRF और MCD ने दो छात्रों को पहले ही बचा लिया है. कुछ छात्र अंदर से फ़ोन भी कर रहे हैं. और ऐसा लगता है कि कुछ और लोग भी अंदर फंसे हैं, इसलिए बचाव कार्य जारी है. हम भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं और मुख्यमंत्री ने यहां पूरी टीम भेजी है. पूरी सरकार बहुत चिंतित है और छात्रों को बचाने पर ध्यान दे रही है- यही हमारा मुख्य मकसद है."
Delhi Building Collapse LIVE:
बताया जा रहा है कि सत्य निकेतन की इमारत में काम चल रहा था. चश्मदीदों का कहना है कि फलों की रेहड़ी लगाने वाले भी कई लोग मलबे में दबे हैं.

Building Collapse In Delhi LIVE: मलबे से निकाले गए 5 लोग
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग जर्जर हो चुकी थी. लगातार हो रही बारिश के कारण बिल्डिंग भरभराकर नीचे गई. मलबे से 5 लोगों को निकाला गया है.
Delhi Rescue Operation LIVE: छात्रों का गढ़ माना जाता है सत्य निकेतन इलाका
सत्य निकेतन का इलाका छात्रों का गढ़ माना जाता है. पास में ही दिल्ली यूनिवर्सिटी का साउथ कैंपस है. आत्माराम कॉलेज, मोतीलाल कॉलेज, वेंकटेश्वर कॉलेज, जीसस एंड मेरी कॉलेज, मैत्री कॉलेज इसके पास ही स्थित हैं.
Satya Niketan Building Collapse LIVE: दिल्ली में गिरी बिल्डिंग, कई छात्र दबे
साउथ-वेस्ट दिल्ली के सत्य निकेतन के पास इमारत गिर गई है. कई छात्रों के दबे होने की आशंका है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
#WATCH | दिल्ली | दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास एक इमारत ढह गई है। फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली; आशंका है कि मलबे के नीचे कई लोग फंसे हो सकते हैं। फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव कार्य जारी है। स्थिति स्पष्ट होने पर और… pic.twitter.com/ZHeJ8nj4rd
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 6, 2026