भारत समेत दुनियाभर के 180 से ज्यादा देशों को कोरोनावायरस (Coronavirus) ने अपनी जद में लिया है. देश में कोरोना की दूसरी लहर के तहत लगातार हर रोज लाखों में केस सामने आ रहे हैं. हालांकि, पिछले तीन दिनों से नए मामलों में गिरावट दिख रही थी, लेकिन बुधवार को एक बार फिर मामले तेजी से बढ़े हैं. आज एक दिन में 3.82 लाख नए केस सामने आए हैं. वहीं एक दिन में मरने वालों की संख्या सबसे ज्यादा हो गई है.
पिछले 24 घंटे अब तक सबसे ज्यादा 3,780 लोगों ने कोरोना वायरस की वजह से अपनी जान गंवाई है. इसके साथ ही देश में कोरोना से मरने वालो की संख्या बढ़कर 2,26,188 हो गई है. बुधवार की सुबह 8 बजे तक 24 घंटे में 3,82,315 कोविड-19 के नए मामले दर्ज किए गए हैं. देश में अभी 3487229 सक्रिय मामले हैं. वहीं, पॉजिटिविटी रेट 24.80% हो गया है.
कोविड-19 के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी पर लगाम कसने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन लगाए जाने की मांग के बीच भारत के बड़े हिस्से में इस तरह की पाबंदियां अलग-अलग समय अवधि के लिए जारी हैं. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 अप्रैल से लॉकडाउन लगा हुआ है और यह 10 मई तक जारी रहेगा. बिहार में चार मई से 15 मई तक लॉकडाउन लगाया गया है. उत्तर प्रदेश में सप्ताहांत लॉकडाउन दो और दिनों के लिए बढ़ाकर बृहस्पतिवार तक किया गया है. हरियाणा में तीन मई से 7 दिनों के लिए लॉकडाउन है. इससे पहले 9 जिलों में सप्ताहांत कर्फ्यू लगाया गया था. ओडिशा में पांच मई से 19 मई तक 14 दिनों का लॉकडाउन लगाया गया है.
Coronavirus Latest Updates in Hindi (Covid-19):
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)