Coronavirus India Updates: कोरोना को हराने की जंग में भारत ने आज एक अहम मुकाम हासिल कर लिया है. हमारे देश में आज वैक्सीनेशन का आंकड़ा 100 करोड़ को पार कर गया है. 100 करोड़ डोज पूरे होने पर सरकार भी जश्न मना रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पहुंचे. जहां पर उन्होंने हेल्थ वर्कर्स से बातचीत की. साथ ही सभी रेलवे स्टेशनों, बसअड्डडों पर 100 करोड़ डोज पूरी होते ही जानकारी दी गई और बंदरगाहों पर हूटर बजाए गए. साथ ही लालकिले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया.
केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री मनसुख मंडाविया ने 100 करोड़ वैक्सीनेशन का आंकड़ा पूरा होने के बाद ट्वीट किया कि बधाई हो भारत. दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थ नेतृत्व का य प्रतिफल है. बता दें कि केंद्र सरकार इसे एक "महान उपलब्धि" के तौर पर लेते हुए उत्सव की तैयारी में है. वैक्सीन खुराकों की संख्या 100 करोड़ पूरा होने पर देश में सबसे बड़े खादी तिरंगे को लाल किले में फहराया जाएगा. इस तिरंगे की लंबाई 225 फुट और चौड़ाई 150 फुट है और इसका वजन लगभग 1,400 किलोग्राम है. अधिकारी ने बताया कि यही तिरंगा 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर लेह में फहराया गया था.
CoWIN पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, देश में बुधवार तक दी गई कुल वैक्सीन खुराक 99.7 करोड़ को पार कर गई थी, जिसमें सभी वयस्कों में से लगभग 75 प्रतिशत ने पहली खुराक ली है और लगभग 31 प्रतिशत ने दोनों खुराक प्राप्त कर ली है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के सीईओ आरएस शर्मा ने बुधवार को एनडीटीवी को बताया, "हम प्रति सेकंड 700 टीकाकरण कर रहे हैं. यह पता लगाना थोड़ा मुश्किल होगा कि '100 करोड़वां' लाभार्थी कौन होगा?"
सरकार ने दिसम्बर 2021 तक सभी वयस्क आबादी यानी 94 करोड़ लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा है. यानी 25% पॉपुलेशन को जल्द से जल्द टीका देने का टार्गेट है. सरकार की कोशिश है कि जल्द से जल्द दूसरी डोज लोगों को दी जा जाय.
देश में लगभग 95% लोगों को फ्री वैक्सीन दी गयी है. 7 बिलियन आबादी वाले विश्व मे 1 बिलियन डोज भारत मे लगी है. देश में जुलाई में वैक्सीनेशन की रफ्तार तेज हुई है. बच्चों के वैक्सीनेशन पर अभी विचार चल रहा है. स्वस्थ बच्चों में टीकाकरण की शुरुआत अगले साल की पहली तिमाही में हो सकती है. फिलहाल बूस्टर या तीसरी डोज देने का मामला अभी डिस्कशन में है.