विज्ञापन

कहीं आंसू गैस तो कहीं लाठीचार्ज, संसद के करीब भी पहुंच गए थे प्रदर्शनकारी... दिनभर क्या-क्या हुआ? Videos

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च को लेकर दिल्ली में सोमवार को जमकर बवाल हुआ. वहीं, संसद में भी इसका मुद्दा उठा, जिस कारण कई बार कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा.

कहीं आंसू गैस तो कहीं लाठीचार्ज, संसद के करीब भी पहुंच गए थे प्रदर्शनकारी... दिनभर क्या-क्या हुआ? Videos
संसद मार्च को लेकर दिल्ली में बवाल मचा हुआ है.
PTI
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली में आज बड़ा प्रदर्शन हुआ. लगभग महीनेभर से जंतर-मंतर पर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन आज सड़कों पर उतर आया. संसद भवन का घेराव करने के लिए बड़ी संख्या पर प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई जगह लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए. कुछ प्रदर्शनकारी संसद भवन के काफी करीब तक भी पहुंच गए थे. प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन के पास की बैरिकेडिंग भी तोड़ दी, जिस कारण कुछ देर के संसद भवन के दरवाजे भी बंद करने पड़े.

जानकारी के मुताबिक, कॉन्स्टीट्यूशन क्लब से लेकर पटेल चौक और आरबीआई के पास तक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया. इसी बीच CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने का दावा भी किया था. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने साफ किया कि दीपके को हिरासत में नहीं लिया गया है. इसी बीच CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की. इस मुलाकात में CJP ने अपनी मांगों का पत्र नड्डा को सौंपा. उम्मीद थी कि इस मुलाकात के बाद प्रदर्शन खत्म हो जाएगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं. सोनम वांगचुक ने भी साफ कर दिया है कि उनका अनशन अभी जारी रहेगा.

इससे पहले सोमवार सुबह से ही प्रदर्शनकारियों का जुटना शुरू हो गया था. एहतियात के तौर पर जनपथ, पटेल चौक, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों में एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए थे, जिससे कई यात्री मेट्रो स्टेशनों के अंदर ही फंसे रहे. सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को रोकने के लिए मध्य दिल्ली में भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल अभी भी तैनात हैं.

संसद का कामकाज ठप, कल तक स्थगित

सोमवार सुबह से ही संसद भवन पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी इकट्ठा होने लगे थे. कई अलग-अलग रास्तों के जरिए प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन पहुंचने की कोशिश की. 

इस प्रदर्शन का मुद्दा संसद में भी कई बार उठा. इस कारण कई बार लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा. संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन लोकसभा को 6 बार स्थगित करना पड़ा. आखिरकार लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को मंगलवार तक स्थगित कर दिया गया.

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मुद्दे को संसद में उठाया. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन इन छात्रों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है.

सड़कों पर जगह-जगह प्रदर्शनकारियों से झड़प

प्रदर्शनकारियों के साथ दिल्ली की कई जगहों पर पुलिस की झड़प हुई. आरबीआई के पास से 7 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबर है. 

दिल्ली में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव दिख रहा है. प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर और नारेबाजी करते हुए संसद भवन तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ रही है. 

कई इलाकों से प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस साफ कर चुकी है कि विरोध प्रदर्शन की मंजूरी नहीं दी गई थी, उसके बावजूद मार्च निकाला जा रहा है. 

संसद के गेट कुछ देर के लिए बंद करने पड़े

बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सुबह से ही संसद भवन तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. दोपहर में कई प्रदर्शनकारी संसद भवन के काफी करीब पहुंच गए थे. इस कारण कुछ देर के लिए संसद भवन के गेट बंद करने पड़े. 

संसद भवन पहुंचने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग भी तोड़ दी. प्रदर्शनकारी संसद भवन के गेट के करीब पहुंच गए थे. प्रदर्शनकारी संसद के अंदर जाकर बात करने की मांग पर अड़ गए थे. इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज करके उन्हें खदेड़ा.

कर्तव्य पथ के इलाके पर भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव देखने को मिला. रेल भवन से लेकर कई इलाकों से पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पूरी तरह खदेड़ दिया है. राष्ट्रपति भवन तक जाने वाली सड़क पर भी बैरिकेडिंग है. संसद भवन को चारों तरफ से बैरिकेडिंग करके सिक्योर कर दिया गया है और किसी भी गाड़ी को वहां तक जाने की इजाजत नहीं है.

संसद के अंदर कुछ ऐसा दिखा नजारा?

संसद भवन को चारों तरफ से भले ही सील कर दिया गया हो लेकिन एहतियात के तौर पर यहां काफी सुरक्षा है. संसद भवन के अंदर भारी संख्या में सुरक्षा तैनात है.

संसद भवन के अंदर ड्रील भी की गई. हालात सामान्य है लेकिन लगातार ड्रील हो रही है. संसद भवन के अंदर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी देखी गई. संसद भवन के दरवाजे खोल दिए गए हैं लेकिन सुरक्षा अभी भी चाक-चौबंद है.

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही को भी मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया है. वहीं, कई प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चाहे कुछ हो जाए, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cockroach Janata Party, Abhijeet Dipke, Sansad March, Parliament Monsoon Session, Parliament
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com