- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी की अपील के तहत इंडिगो एयरलाइंस की इकोनॉमी क्लास में यात्रा की
- मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को अपने वाहन काफिले को आधा करने और पदाधिकारियों के काफिले पर रोक लगाने के निर्देश दिए
- सरकार ने विदेश यात्राओं पर प्रतिबंध, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग में वृद्धि और ऊर्जा बचत के उपाय लागू किए
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का पालन करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सादगी का उदाहरण पेश किया. उन्होंने पुणे से बेंगलुरु तक इंडिगो एयरलाइंस की इकोनॉमी क्लास में यात्रा की. जानकारी के अनुसार, वैश्विक हालात और संसाधनों के बेहतर उपयोग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया.
इससे पहले महाराष्ट्र कैबिनेट की गुरुवार को अहम बैठक हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी मंत्रियों को खास निर्देश दिए. मंत्रियों को तत्काल अपने वाहन काफिले को आधा करने को कहा गया है. इसके अलावा, किसी भी स्थिति में पदाधिकारी और विधायक के साथ वाहनों का काफिला नहीं चलेगा. मुख्यमंत्री ने सभी को विशेष विमान और हेलिकॉप्टर से यात्रा करने से बचने के भी निर्देश दिए हैं.
वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने विभिन्न विभागों के लिए महत्वपूर्ण उपायों की घोषणा की. राज्य सरकार के प्रस्तावित उपायों में विदेश यात्राओं पर प्रतिबंध, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग में वृद्धि, ऊर्जा की बचत, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना और डिजिटल माध्यमों से बैठकें आयोजित करना शामिल है.
इसके अतिरिक्त, पुलिस विभाग की ओर से वाहनों के जुलूसों और बाइक रैलियों के लिए अनुमति नहीं दी जाएगी. साथ ही, सरकारी विज्ञापनों और खर्चीली गतिविधियों पर भी सीमाएं निर्धारित की जाएंगी.
ये भी पढ़ें : महाराष्ट्र के विधायकों का जापान दौरा रद्द, फडणवीस सरकार का सख्त फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं