विज्ञापन

आरक्षण पर भिड़े केंद्र के दो मंत्री, चिराग ने मांगा इस्तीफा तो अब मांझी ने भी किया पलटवार

मांझी ने कहा कि आरक्षण के लाभ का न्यायसंगत वितरण हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) का पुराना सिद्धांत रहा है. पार्टी लंबे समय से इस मुद्दे पर अपनी राय रखती आई है और आगे भी इसी नीति पर कायम रहेगी.

आरक्षण पर भिड़े केंद्र के दो मंत्री, चिराग ने मांगा इस्तीफा तो अब मांझी ने भी किया पलटवार
  • जीतन राम मांझी ने गया में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और चिराग पासवान के बयानों पर पलटवार किया
  • मांझी ने आरक्षण समीक्षा पर चिराग पासवान की आलोचना को गलत संदर्भ में समझने का आरोप लगाया
  • राहुल गांधी के मंदिर शुद्धिकरण बयान को मांझी ने सामाजिक सोच का मामला बताया
नई दिल्ली:

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के कार्यक्रम में गया में शनिवार को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान के हालिया बयानों पर तीखा पलटवार किया. उन्होंने मंदिर शुद्धिकरण विवाद पर ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए इसे समाज की सोच का मामला बताया, जबकि आरक्षण की समीक्षा के मुद्दे पर पार्टी के रुख का बचाव किया.

आरक्षण की समीक्षा पर चिराग को जवाब

आरक्षण की समीक्षा संबंधी बयान पर चिराग पासवान के मांझी और संतोष सुमन से इस्तीफे की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चिराग पासवान उनकी बात को सही संदर्भ में नहीं समझ रहे हैं. उनका कहना था कि संतोष सुमन ने आरक्षण समाप्त करने की नहीं, बल्कि समाज के वंचित तबकों तक इसका वास्तविक लाभ पहुंचाने के लिए समीक्षा और उचित बंटवारे की बात कही है.

राहुल गांधी के बयान पर मांझी का पलटवार

वहीं दिल्ली में राहुल गांधी के मंदिर शुद्धिकरण को लेकर दिए बयान पर मांझी ने कहा कि यह कोई नई घटना नहीं है. पूर्व उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जैसे नेताओं के साथ भी ऐसी घटनाओं का उल्लेख मिलता रहा है. उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल, आरएसएस, भाजपा या एनडीए का विषय नहीं, बल्कि समाज के कुछ लोगों की संकीर्ण सोच का परिणाम है. ऐसे लोगों की मानसिकता की उन्होंने निंदा करते हुए कहा कि यह समाज के लिए उचित नहीं है.

Latest and Breaking News on NDTV

'हम' ने दोहराया पार्टी का पुराना रुख

जीतन राम मांझी ने कहा कि आरक्षण के लाभ का न्यायसंगत वितरण हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) का पुराना सिद्धांत रहा है. पार्टी लंबे समय से इस मुद्दे पर अपनी राय रखती आई है और आगे भी इसी नीति पर कायम रहेगी. उन्होंने कहा कि गरीब और वास्तविक जरूरतमंद वर्गों के हितों की रक्षा के लिए उनकी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी.

गया में हम का जिला कार्यकारिणी गठन कार्यक्रम

गया के हरिदास सेमिनरी सभागार में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की जिला कार्यकारिणी गठन एवं प्रदेश पदाधिकारियों के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी संरक्षक जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन, प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए.

इसे भी पढ़ें: आरक्षण पर NDA में ही घमासान, चिराग पासवान ने केंद्रीय मंत्री मांझी और उनके बेटे का मांग लिया इस्तीफा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chirag Paswan Latest News, Jitan Ram Manjhi, Dalit Reservation, Creamy Layer In Reservation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com