Delhi Protest LIVE Updates: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के कई शहरों में पिछले कुछ दिनों से प्रोटेस्ट हो रहा है. विपक्षी पार्टियों से लेकर सिविल सोसायटी ग्रुप तक सड़क पर उतर कर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे की मांग रहे हैं. 12 अक्टूबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक का मार्च निकाला गया. 13 अक्टूबर को राहुल गांधी ने अपने आवास इंडिया ब्लॉक के नेताओं के हाई-टी का आयोजन किया. इसमें छात्र संगठन AISA की प्रेसिडेंट नेहा बोरा भी शामिल हुईं और उन्होंने विपक्षी नेताओं के साथ अपनी बात रखी.
इसके अलावा, यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी देर शाम नेहा बोरा के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट की और उनकी तारीफ की.
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं को 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने की कोशिश करते वक्त हिरासत में लिया गया. बाद में उनकी गिरफ्तारी हुई.
DCP सचिन शर्मा के मुताबिक, शुरुआत में कुल 14 सीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था. 11 लोगों को रिहा कर दिया गया है. आशुतोष रांका, सौरभ दास और अजिंक्य को आज यानी 14 अक्टूबर को अदालत में पेश किया जाएगा.
LIVE UPDATES
Jantar-Mantar Protest: थोड़ी देर में मजिस्ट्रेस कोर्ट में पेश होंगे सीजेपी लीडर्स
आशुतोष रांका, सौरभ दास, अजिंक्या शिंदे को आज करीब 8 बजे मंदिर मार्ग इलाके की मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा. पिछली बार 50 हजार का बांड भरवाकर छोड़ा गया था. इस दौरान यह भी कहा गया था कि एक साल के लिए शांति भंग के केस में न पकड़े जाए. इस बार ट्रेसपासिंग और ब्रेकिंग ऑफ बॉन्ड है.
Jantar Mantar Protest LIVE: सीजेपी नेताओं के खिलाफ FIR
दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रंका और पार्टी के अन्य सदस्यों के खिलाफ बिना इजाजत जंतर-मंतर इलाके में घुसने के आरोप में FIR दर्ज की है. यह कार्रवाई तब की गई, जब ये कार्यकर्ता भारी बैरिकेडिंग वाले प्रोटेस्ट साइट के दायरे में घुस गए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए. हाल ही में जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह के तौर पर दी गई मान्यता खत्म कर दी गई थी.
मंगलवार सुबह सौरव दास, आशुतोष रंका और CJP के कुछ अन्य सदस्यों को हिरासत में ले लिया गया, क्योंकि वे कथित तौर पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए उस इलाके में घुस गए थे. बाद में सीजेपी सौरव, आशुतोष और अजिंक्य को गिरफ्तार करते हुए बाकी सदस्यों को पुलिस ने छोड़ दिया.