भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को लखनऊ में रहे. इस दौरान उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी के नेताओं से मुलाकात की तो वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्रियों समेत कई नेताओं से बात की. इसके बाद वह हनुमान सेतु मंदिर पहुंचे और फिर एक मशहूर चाय की दुकान पर रुके. उन्होंने कहा कि जनता में 2027 के विधानसभा चुनाव की चर्चा पहले ही शुरू हो चुकी है. उन्होंने कहा कि 2027 का बिगुल पहले ही बज चुका है. चाय तो हर घर का जरूरी हिस्सा है. एक चाय बेचने वाले को लोगों ने पीएम बनाया है और जिन लोगों ने उनका विरोध किया, आज वे कहीं नहीं हैं.
नितिन नवीन दो दिनों के यूपी दौरे पर आए हैं. वह इस दौरान सीनियर नेताओं से मिलेंगे तो वहीं समाज के भी अलग-अलग लोगों से मुलाकात करने वाले हैं. इस दौरान वह 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं के साथ मंथन भी करने वाले हैं. भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी के ऐलान के बाद वह पहली बार लखनऊ पहुंचे हैं. माना जा रहा है कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल के इरादे से वह यूपी में आए हैं. यही वजह है कि सीएम से लेकर तमाम मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से वह मिलेंगे. इसके अलावा संगठन के भी लोगों से मिलने वाले है और यहां तक महानगर अध्यक्ष जैसे पदाधिकारियों के साथ भी उनकी बैठक है.
इसलिए उनका दौरा अहम माना जा रहा है और इसे चुनावी नजरिए से भी देखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि मोदी-योगी ने यूपी में डबल इंजन सरकार चलाई है और राज्य को उत्तम प्रदेश बना दिया है. उन्होंने कहा कि यूपी में कमल खिलेगा. यह राज्य काशी विश्वनाथ, अयोध्या और मथुरा वाला है. नितिन नवीन के साथ संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी थे. इसके अलावा यूपी भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी बने रहे. चाय की दुकान पर हुए संवाद में भी कई सीनियर नेता थे. इसके अलावा डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे. नितिन नवीन ने चाय की दुकान पर कहा कि पीएम मोदी भी कभी चाय बेचते थे. उन्हें देश ने पीएम बनाया और उनका विरोध करने वाले आज हाशिये पर हैं.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं