विज्ञापन

'संसद में PM पर हमले की योजना बना रही थीं विपक्ष की महिला सांसद', मनोज तिवारी का सनसनीखेज दावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से ठीक पहले लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई. इसे लेकर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने दावा किया है कि विपक्षी महिला सांसद पीएम पर हमले की योजना बना रही थीं.

'संसद में PM पर हमले की योजना बना रही थीं विपक्ष की महिला सांसद', मनोज तिवारी का सनसनीखेज दावा
  • लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से पहले कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के कारण स्थगित कर दी गई थी
  • मनोज तिवारी ने दावा किया कि विपक्षी महिला सांसदों ने पीएम की कुर्सी को घेरकर हमला करने की कोशिश की थी
  • विपक्ष ने कार्यवाही स्थगित होने पर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री संसद में आकर संबोधन देने से डर रहे हैं
नई दिल्ली:

लोकसभा में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था. लेकिन उससे पहले ही लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई. कार्यवाही तब स्थगित हुई, जब पीएम मोदी संसद आ चुके थे. 5 बजे से उनका संबोधन शुरू होने वाला था. लेकिन हंगामे के चलते कार्यवाही को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया. 

इस बीच बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने सनसनीखेज दावा किया है. मनोज तिवारी ने दावा करते हुए कहा कि विपक्षी सांसद ट्रेजरी बेंच की ओर आ गए थे. उन्होंने कहा कि विपक्षी महिला सांसदों ने पीएम की कुर्सी को घेर लिया था. उनका इरादा पीएम की कुर्सी पर हमला करने का था.

वहीं, विपक्ष ने पीएम मोदी के संबोधन से पहले लोकसभा की कार्यवाही स्थगित करने पर सवाल उठाया है. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम संसद में आने से डर गए. टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने भी आरोप लगाते हुए कहा पीएम डरकर भाग गए.

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री से पूछिए कि वे क्यों नहीं आ रहे हैं? यह संसद है या कोई और सेंटर. सरकार इसे मजाक बनाने की कोशिश कर रही है. हम ये सब नहीं होने देंगे.

राहुल बोले- पीएम मोदी डरे हुए हैं

लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी दावा किया कि पीएम मोदी डरे हुए हैं. उन्होंने X पर अपना वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'जैसा मैंने कहा, पीएम मोदी संसद में नहीं आएंगे क्योंकि वो डरे हुए हैं और सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते.'

गुरुवार 11 बजे तक सदन स्थगित

लोकसभा में 5 बजे प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन होना था. पीएम मोदी लोकसभा पहुंच भी गए थे. लेकिन विपक्ष का हंगामा जारी था. विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही कई बार स्थगित हुई थी. पीएम मोदी के संबोधन से पहले विपक्ष का हंगामा तेज हो गया और विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी. इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को गुरुवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया. अब पीएम मोदी का संबोधन गुरुवार को होने की संभावना है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, Narendra Modi In Lok Sabha, PM Modi Address In Lok Sabha, Parliament Budget Session, Parliament LIVE Updates
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com