हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी 'ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन' (एआईएमआईएम) ने मंगलवार को बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से एक सीट मांगी. विधान परिषद की नौ सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 18 जून को होंगे. इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद रिक्त हुई एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा.बिहार विधानसभा में एआईएमआईएम के पांच विधायक हैं.
एआईएमआईएम की बिहार इकाई के अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने संवाददाताओं से कहा,''जब हमने राज्यसभा चुनाव में एक सीट पर अपना दावा छोड़कर 'इंडिया' गठबंधन का समर्थन किया था, तब तेजस्वी यादव ने भविष्य में हमारे हितों पर विचार करने का आश्वासन दिया था.अब समय आ गया है कि वह उस वादे को पूरा करें.''
विधानसभा में इंडिया गठबंधन
विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के पास बिहार विधानसभा में 35 विधायक हैं, जिससे वह 10 विधान परिषद सीट में से एक सीट आसानी से जीत सकता है. हालांकि दूसरी सीट पर उसकी संभावनाएं एआईएमआईएम और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायकों के समर्थन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खेमे में होने वाले संभावित क्रॉस वोटिंग पर निर्भर करती हैं.
इमान ने कहा,''हमारा राजनीतिक उद्देश्य सांप्रदायिक ताकतों को पराजित करना है. हमें पता है कि एआईएमआईएम के पास अपने दम पर परिषद की एक सीट जीतने के लिए पर्याप्त विधायक नहीं हैं और हमें अन्य दलों के समर्थन की आवश्यकता है. यदि राजद भविष्य में हमारा सहयोग चाहता है, तो उसे अभी हमें अवसर देना चाहिए.'' बिहार में एआईएमआईएम के पांच विधायक हैं. इमान ने कहा कि वह विधान परिषद चुनाव में एआईएमआईएम उम्मीदवार को एक सीट दिलाने के लिए राजद नेता तेजस्वी यादव से बातचीत करेंगे. इस चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो चुकी है.
राज्य में 18 जून को विधान परिषद की जिन सीट पर चुनाव होना है, उनमें से दो सीटें राजद के पास हैं. इनमें एक सीट पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी सहयोगी सुनील कुमार सिंह की है. बिहार विधानसभा में छह विधायकों वाली कांग्रेस के पास भी विधान परिषद की एक सीट है, जिस पर वर्तमान में समीर कुमार सिंह काबिज हैं. यह सीट 28 जून को रिक्त हो रही है.
ये भी पढ़ें: 'ईश्वर अल्लाह तेरो नाम सबको सन्मति दे भगवान', TMC तोड़ने का आरोप लगाकर बोलीं ममता बनर्जी
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं