विज्ञापन
This Article is From Jul 17, 2025

पार्टी कहेगी तो दरबानी भी करूंगा, तेजस्वी में भरोसा, पीके को शुभकामनाएं... बिहार चुनाव से पहले कन्हैया कुमार का बड़ा बयान

प्रशांत किशोर को लेकर कन्हैया कुमार का सॉफ्ट कॉर्नर नजर आया, जब पीके फैक्टर से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि, 'प्रशांत किशोर मेहनत कर रहे हैं, ये अच्छी बात है.

पार्टी कहेगी तो दरबानी भी करूंगा, तेजस्वी में भरोसा, पीके को शुभकामनाएं... बिहार चुनाव से पहले कन्हैया कुमार का बड़ा बयान
  • कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना जताई.
  • उन्होंने महागठबंधन में आरजेडी के नेतृत्व और तेजस्वी यादव पर भरोसा जताया, साथ ही कहा कि इस बार मुख्यमंत्री आरजेडी का ही होगा।
  • कन्हैया कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार को इस बार मुख्यमंत्री बनने का मौका नहीं मिलेगा.

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर सस्पेंस जारी रखते हुए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने चिराग पासवान के अंदाज में कहा कि वो सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. हालांकि कन्हैया ने ये भी कहा कि पार्टी कहेगी तो चुनाव लड़ने को तैयार हैं और वॉर रूम का दरबान बनने को भी. कन्हैया ने तेजस्वी यादव में भरोसे की बात तो कही और साथ ही प्रशांत किशोर को उनकी मेहनत के लिए शुभकामनाएं भी दे डाली.

'पार्टी कहेगी तो वॉर रूम का दरबान बनने को तैयार'

बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़ी तमाम सियासी हलचलों को लेकर एनडीटीवी से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा, 'हम कहां से लड़ेंगे ये प्रासंगिक नहीं है. हम सभी 243 सीटों पर लड़ेंगे. फिलहाल व्यक्तिगत भविष्य का नहीं, बिहार के भविष्य का सवाल है. पार्टी कहेगी तो चुनाव लड़ेंगे, पार्टी कहेगी तो प्रचार करेंगे, वॉर रूम का दरबान बनने को भी तैयार हैं.'

'सब चकाचक है'

पटना में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव वाले ट्रक में नहीं चढ़ने दिए जाने वाले विवाद को तूल नहीं देते हुए कन्हैया ने कहा कि. 'बात का बतंगड़ बनाने की जरूरत नहीं, आरजेडी के असहज होने जैसी कोई बात नहीं.. सब चकाचक है'. कन्हैया ने उल्टे इस मुद्दे को हवा देने का आरोप बीजेपी पर मढ़ दिया.

'सीएम आरजेडी का ही होगा'

चुनाव में महागठबंधन की रणनीति को लेकर कन्हैया ने कहा कि, 'पिछली बार से बेहतर तालमेल और संगठित रूप में सभी पार्टियां आगे बढ़ रही हैं.' सीएम चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि, 'कांग्रेस का चेहरा बिहार की 14 करोड़ जनता है. गठबंधन में आरजेडी सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी तो जाहिर है कि सीएम आरजेडी का ही होगा. तेजस्वी आरजेडी के नेता हैं. उन पर हम सबको विश्वास है.'

'इस बार नीतीश कुमार को सीएम बनने का मौका नहीं मिलेगा'

वहीं, मौजूदा सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कन्हैया ने कहा कि, 'अबकी बार कम विधायकों के बावजूद नीतीश कुमार को सीएम बनने का मौका नहीं मिलेगा, उनका हाल एकनाथ शिंदे वाला होगा.' आगामी चुनाव में नीतीश सरकार के ख़िलाफ़ सबसे बड़े मुद्दे के सवाल पर कन्हैया बोले, 'सबसे बड़ा मुद्दा यही है कि नीतीश कुमार के दावों की पोल खुल गई है. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुशासन वो हर मोर्चे पर नाकाम साबित हो चुके हैं.'

'प्रशांत किशोर मेहनत कर रहे हैं'

वहीं, प्रशांत किशोर को लेकर कन्हैया कुमार का सॉफ्ट कॉर्नर नजर आया, जब पीके फैक्टर से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि, 'प्रशांत किशोर मेहनत कर रहे हैं, ये अच्छी बात है. असली परीक्षा चुनाव में होगी तब पता लगेगा कि वो कितने बड़े फ़ैक्टर हैं..उनको शुभकामनाएं.'

'एक भी वोटर छूटा तो महागठबंधन सड़क पर उतरेगा'

ओवैसी की पार्टी को महागठबंधन ने भाव नहीं देने से जुड़े सवाल को टालते हुए उन्होंने कहा कि, 'ओवैसी साहब को तो अब पीएम मोदी भाव दे रहे हैं.' बिहार में वोटरलिस्ट को लेकर जारी SIR यानी विशेष सघन पुनरीक्षण को लेकर कहा कि, 'इसके खिलाफ कानूनी और राजनीतिक दोनों मोर्चे पर लड़ाई जारी रहेगी. यदि एक भी सही वोटर छूटा तो महागठबंधन सड़कों पर उतरेगा.'

बिहार में हत्याओं के बढ़ते मामलों को शराबबंदी की नीति से जोड़ते हुए कन्हैया ने कहा कि, 'भू-खनन और ड्रग्स माफिया राज्य में पैर पसारते जा रहे हैं.' बीजेपी द्वारा दिए जाने वाले जंगलराज के तानों पर पलटवार करते हुए कन्हैया ने कहा कि, '2025 आ गया, आखिर 1990 का हवाला कब तक दिया जाएगा?'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Election, Kanhiaya Kumar, Tejasvi Yadav, Prashant Kumar, Bihar Election 2025
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com