विज्ञापन

Bihar: मानव तस्करी का बड़ा मामला, ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहा था रैकेट...डांसर टॉर्चर चेंबर में रहती थी कैद

बेगूसराय का अमरीजत और नोएडा की संगीता लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा प्रोग्राम के नाम पर लड़कियों को अलग-अलग जगहों से ला कर अपने पास कैद कर लेते थे.

Bihar: मानव तस्करी का बड़ा मामला, ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहा था रैकेट...डांसर टॉर्चर चेंबर में रहती थी कैद
आरोपी अमरजीत
Bihar News:

बिहार के बेगूसराय से मानव तस्करी (Human Trafficking) और शोषण की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां आर्केस्ट्रा में डांस के बहाने देश के अलग-अलग राज्यों से लड़कियों को बुलाकर उन्हें देह व्यापार के दलदल में धकेला जा रहा था. हरियाणा की एक कलाकार की सूझबूझ और 'डायल 112' पर की गई एक गुप्त कॉल ने पुलिस को उस 'टॉर्चर चेंबर' तक पहुंचा दिया, जहाँ लड़कियों को बंधक बनाकर रखा गया था. पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला समेत दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मौके से छह लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला है.

दरअसल यह कहानी शुरू होती है हरियाणा के सोनीपत से जहां की रहने वाली खुशबू चौहान (काल्पनिक नाम) अपने परिवार के साथ एक सामान्य जीवन जी रही थी. खुशबू पेशे से एक आर्केस्ट्रा कलाकार है, जो अपनी कला के दम पर अपना और अपने परिवार का पेट पालने की कोशिश कर रही थी. उसे क्या पता था कि दिल्ली से आया एक फोन कॉल उसकी पूरी जिंदगी को नर्क में तब्दील कर देगा. नोएडा सेक्टर-62 की रहने वाली संगीता देवी ने खुशबू को बेगूसराय में एक आर्केस्ट्रा प्रोग्राम के लिए बुलाया. पैसे और काम की तलाश में खुशबू घर से 1300 किलोमीटर दूर बेगूसराय चली आई.

पैसे मांगने पर आर्केस्ट्रा संचालक ने दिखाया अपना चेहरा

20 अप्रैल को उसे तीन अन्य लड़कियों के साथ नावकोठी में आर्केस्ट्रा प्रोग्राम करने के लिए भेजा गया. रात में करीब 2 बजे प्रोग्राम खत्म हुआ, तालियां बजी. इसके बाद वो अपना पैसा मांगने पर चंचल आर्केस्ट्रा के संचालक अमरजीत कुमार, नोएडा की रहने वाली संगीता देवी और उसके सहयोगियों ने अपना असली चेहरा दिखा दिया. खुशबू के अनुसार जब उसने परिश्रम के पैसे मांगे तो संगीता देवी और अमरजीत कुमार ने डराते हुए कहा कि अगर पैसे चाहिए तो तुम्हें हमारी बात माननी होगी. पैसे देने के बहाने उसे बेगूसराय शहर लाया गया, जहां नागदह स्थित शंकर साह के किराए के मकान में ले जाया गया. वहां पहुंचते ही खुशबू के पैरों तले जमीन खिसक गई.

कमरे में किया कैद जहां से नहीं निकलती थी आवाज

उसने देखा कि पहले से ही कई अन्य लड़कियां मौजूद थी, जिन्हें जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेला गया था. खुशबू ने जब इसका विरोध किया, तो अमरजीत कुमार ने उसके साथ जोर-जबरदस्ती की. उसका मोबाइल छीनकर कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया गया. खुशबू को साफ शब्दों में कह दिया गया अब तुम्हें यहां रहकर आर्केस्ट्रा और देह व्यापार का काम करना होगा, वरना जान से मार देंगे. एक पल में खुशबू के सपने और उसकी आजादी बंद कमरे की दीवारों में सिमट कर रह गई. वह चीखी, चिल्लाई, लेकिन उसकी आवाज मकान की दीवारों को पार नहीं कर पा रही थी. कहते हैं कि जब सारे रास्ते बंद हो जाते हैं, तो हिम्मत ही रास्ता बनाती है. खुशबू के पास एक छोटा सा कीपैड मोबाइल किसी तरह बच गया था. जब उसे मौका मिला, उसने डायल- 112 पर फोन लगाया. वह फोन उसके लिए उम्मीद की एक आखिरी किरण थी.

अमरजीत और नोएडा की संगीता गिरफ्तार

पुलिस ने तत्परता दिखाई और मौके पर पहुंचकर खुशबू को बाहर निकाला. पुलिस ने नागदह के उस मकान पर छापेमारी की. जहां से वीरपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़हारा गांव के रहने वाले आर्केस्ट्रा संचालक अमरजीत कुमार तथा नोएडा सेक्टर-62 की रहने वाली संगीता को गिरफ्तार कर लिया. मौके पर से छह अन्य लड़कियों को मुक्त कराया गया है. जिनसे पूछताछ सहित अन्य कार्रवाई की जा रही है. खुशबू ने बताया कि उसे जब जोर जबरदस्ती कर कमरे में बंद कर दिया गया तो वहां अन्य लड़कियों से बात की. जिसमें खुलासा हुआ कि उन लोगों से आर्केस्ट्रा में काम और देह व्यापार कराया जाता है. इसका विरोध करने पर उन लोगों को मारने की धमकी देकर रखा जाता है, 24 घंटे निगरानी होती है. जिसके कारण कोई भी चाह कर कुछ बोल नहीं पाती है. 

वही इस संबंध में सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नागदह का मामला है, जहां बेगूसराय वीरपुर के अमरजीत नाम का एक व्यक्ति और नोएडा की सुनिता देवी है. ये लोग बाहर से कुछ महिलाओं को बुलाकर के आर्केस्ट्रा के प्रोगाम के नाम पर उन लोगों का शोषण करते थे. उन लोगों के साथ ह्यूमन ट्रैफिकिंग का काम करवाना चाहते थे तो यहाँ लोहिया नगर थाना को सूचना मिली थी. सूचना पर चार लड़िकयों को छुराया गया और नोएडा की महिला और संचालक को गिरफ्तार किया गया है. ये लोग अलग अलग प्रोगाम के नाम पर बुलाया जाता था अच्छे पैसे मिलेंगे डांस करने का काम करना है यह करके लालच दिया जाता था और फिर उनका शोषण किया जाता था.

यह भी पढ़ेंः समोसे के पैसे न मिलने पर बच्चे ने रची ऐसी कहानी, सुनकर पुलिस के भी उड़ गए होश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Human Trafficking, Begusarai Human Trafficking, Begusarai Arkestra Case, Arkestra Dancer Kept Captive, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com