- छह महीने पहले बीमारी की वजह से हुई थी फरजान की मौत
- फरजान ने 1990 के दशक में छत्रपति संभाजीनगर में फैला रखी थी दहशत
- घर से मिला कैश का अंबार और लाखों रुपये की कीमत के ढेरों हथियार
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में डॉन बाबा फरजान के बंगले पर क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में कैश और हथियार बरामद किया है. यही नहीं, करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, विभिन्न विदेशी और नामी कंपनियों की कुल 45 शराब की बोतलें भी मिली हैं. छापेमारी के दौरान इतना कैश और हथियारों का अंबार देखकर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम भी हैरान रह गई. आइए जानते हैं कौन था बाबा फरजान, जिसके घर से मिला कैश का अंबार और ढेरों हथियार.
बाबा फरजान 'डॉन' छत्रपति संभाजीनगर में सिटी चौक थाना क्षेत्र के रोहिला गली का रहने वाला था. फरजान की करीब छह महीने पहले मौत हो गई थी. वह 1980 और 1990 के दशक में 'कामगार यूनियन अध्यक्ष' के रूप में काम करता था. इस दौरान उसने छत्रपति संभाजीनगर और उसके आस-पास के इलाकों में अपना मजबूत प्रभाव और आतंक कायम किया. फरजान पर पर दंगा करने, मारपीट, हत्या के प्रयास और अपहरण जैसे कुल 4 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे.
बंगले पर मौजूद थीं बाबा की दूसरी पत्नी
क्राइम ब्रांच की टीम ने जब मिटमिटा स्थित फरजान के घर पर छापा मारा तो वहां बाबा फरजान की दूसरी पत्नी शीला गणपतराव साळवे (52) मौजूद मिलीं. फरजान की पत्नी की सामने ही पूरे घर की गहन तलाशी ली गई. क्राइम ब्रांच की टीम को 5 करोड़ 26 लाख 29 हजार 560 रुपये (5,26,29,560) कैश मिले. इसमें 100 और 200 रुपये के अलावा भारी मात्रा में 50, 20 और 10 रुपये के छोटे नोटों के बंडल शामिल थे. वहीं, भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है. हथियारों में मैगजीन के साथ 2 पिस्टल, 4 राइफल (जिसमें एक 12 बोर की राइफल, दो एयर गन और एक .22 की राइफल शामिल है), 1 तलवार, 3 गुप्ती और अलग-अलग प्रकार के 17 चाकू सहित कुल 21 धारदार हथियार जब्त किए गए हैं.
5 लाख के कारतूस बरामद
पुलिस को घर से भारी मात्रा में अवैध कारतूस भी मिले हैं, जिनकी कीमत 5 लाख 50 हजार रुपये है. इसमें 12 बोर के 632 लाइव कारतूस, 7.65 एमएम के 1878 कारतूस और .22 के 3840 कारतूस समेत कुल 6,350 जिंदा कारतूसों का विशाल जखीरा बरामद हुआ है.
एक पिस्टल का नहीं मिला लाइसेंस, लाखों की ज्वेलरी बरामद
शुरुआती जांच में पता चला है कि जब्त हथियारों में से 12 बोर और 0.22 की राइफल समेत एक पिस्टल और रिवॉल्वर का लाइसेंस तो मृतक बाबा फरजान के नाम पर दर्ज है, लेकिन बरामद हुई दूसरी पिस्टल का कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज पुलिस को मौके से नहीं मिला है. हथियारों और नकदी के अलावा पुलिस ने उसी ठिकाने से ₹21,34,350 कीमत के सोने के आभूषण, ₹8,09,248 की चांदी और विभिन्न विदेशी व नामी कंपनियों की कुल 45 शराब की बोतलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत 34 हजार 836 रुपये आंकी गई है.
कुल 5 करोड़ 63 लाख से ज्यादा की जब्ती
क्राइम ब्रांच द्वारा इस पूरी जब्ती की कुल कीमत 5 करोड़ 63 लाख 37 हजार 994 रुपये (5,63,37,994/-) आंकी गई है, जिसमें से बेहिसाब कैश को लेकर आयकर विभाग को पत्र लिखकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं अवैध हथियार और शराब रखने के मामले में छावनी पुलिस स्टेशन में नया केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें- 'मैंने कुछ गलत नहीं किया', महिला डॉक्टर को पीटने वाले शिवसेना नेता ने माफी मांगने से किया इनकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं