- उत्तर प्रदेश को एक और बड़े एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने जा रही है.
- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे का सोमवार 13 जुलाई को उद्घाटन होने जा रहा है.
- इस एक्सप्रेस वे के चालू होने से लखनऊ से कानपुर का सफर मात्र 35-45 मिनट में पूरा होगा.
Lucknow-Kanpur Expressway: उत्तर प्रदेश को एक और बड़े एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने जा रही है. लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे का सोमवार 13 जुलाई को उद्घाटन होने जा रहा है. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को इस 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. इस एक्सप्रेस वे के चालू होने के बाद लखनऊ से कानपुर आना-जाना आसान हो जाएगा. अभी लखनऊ से कानपुर आने-जाने में लगभग 2.5 से 3 घंटे का समय लगता है, जो इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद घटकर मात्र 35 से 45 मिनट रह जाएगा.यूपी के दो बड़े महानगरों को जोड़ने वाला यह पहला इंटर सिटी एक्सप्रेस वे है. इस एक्सप्रेस वे की कुल लंबाई का 30 फीसदी एलिवेटेड कॉरिडोर है.
तीन एक्सप्रेस-वे का महाजंक्शन
इस एक्सप्रेस वे के निर्माण में 3डी AMG टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हुआ है. साथ ही इस पर तीन एक्सप्रेस-वे का महाजंक्शन भी बना है. जिससे यूपी के कई जिलों के लोगों को बड़ा फायदा होगा. एक्सप्रेस वे के उद्घाटन से पहले की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को स्थानीय अधिकारियों का दल भी पहुंचा था. जिसमें जिलाधिकारी घनश्याम मीना, एसपी जयप्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी थे.
6-लेन का एक्सप्रेस वे, 120 घंटे की स्पीड
- अभी यह एक्सप्रेस 6-लेन का है. लेकिन आगे इसे 8 लेन तक विस्तार किया जा सकता है. एक्सप्रेस पर दो लेन की जगह छोड़ी गई है. यह एक्सप्रेस वे एनएच-27 के भीड़भाड़ वाले 94 किलोमीटर के पुराने रूट की जगह लेगा, जिससे वाहनों का ईंधन और समय दोनों बचेंगे.
- इस रूट पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है, जिससे दोनों औद्योगिक और प्रशासनिक जुड़वां शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहद तेज हो जाएगी.
4700 करोड़ रुपए की लागत से बना है यह एक्सप्रेस वे
लखनऊ कानपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण पर कुल 4,700 करोड़ रुपए का बजट खर्च किया गया है. NHAI के अनुसार इस एक्सप्रेसवे की आधारशिला मार्च 2019 और फिर 5 जनवरी 2022 को रखी गई थी. दिसंबर 2020 में इसे आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय एक्सप्रेस वे छह के रूप में नॉमिनेट किया गया था.

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर टोल रेट
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर पांच टोल है, लेकिन आउटर रिंग रोड से कनेक्ट होने वाले टोल से टैक्स नहीं लिया जाएगा. अभी सिर्फ चार टोल से टोल टैक्स लिया जाएगा. जिसके लिए अलग-अलग वाहनों के अलग-अलग दरें भी तय कर दी गई है.
- कार, जीप, एसयूवी : ₹275 (एक तरफ), ₹415 (24 घंटे के अंदर वापसी)
- हल्की कमर्शियल वाहन: ₹445 (एक तरफ), ₹670 (वापसी)
- बस और ट्रक: ₹935 (एक तरफ), ₹1405 (वापसी)
- भारी वाहन : ₹1020 (एक तरफ), ₹1530 (वापसी).
लोगों को जाम के झाम से मिलेगी मु्क्ति
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे चालू होने से कई जिलों के लोगों को फायदा होगा. इन दोनों शहरों के बीच रोजाना बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग, छात्र, व्यापारी सफर करते हैं. एक्सप्रेसवे चालू होने के बाद उन्हें जाम से राहत मिलेगी, ईंधन की बचत होगी और यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी. इसके अलावा आपातकालीन सेवाओं और माल परिवहन में भी तेजी आएगी.
यह भी पढ़ें - लखनऊ कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की डेट आई, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे आगाज, गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं