- ECI ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है
- तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को परिणाम घोषित किए जाएंगे.
- 13 जुलाई नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिर तारीख है और 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी.
Assembly By Poll 2026: भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है. तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को परिणाम घोषित किए जाएंगे. भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) के अनुसार, बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होगा. इसके लिए 6 जुलाई को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. 13 जुलाई नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिर तारीख है और 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी. नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख 16 जुलाई तय की गई है.
बांकीपुर में नितिन नवीन के इस्तीफे से उपचुनाव
वहीं, बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है. नितिन नवीन ने राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था.
दतिया में कांग्रेस विधायक के अयोग्य ठहराए जाने के कारण उपचुनाव
मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर राजेंद्र भारती की सदस्यता निलंबित किए जाने के बाद उपचुनाव होगा. 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के नरोत्तम मिश्रा को 7 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था. राजेंद्र भारती को कुल 88,977 वोट मिले, जबकि नरोत्तम मिश्रा के पक्ष में 81,235 लोगों ने मतदान किया. हालांकि, इसी साल एक फर्जीवाड़े के मामले में राजेंद्र भारती को दोषी ठहराया गया, जिसके बाद उन्हें दतिया सीट से अयोग्य घोषित किया गया.
मांजलपुर में बीजेपी विधायक के निधन से उपचुनाव
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा से विधायक योगेश नारायणदास पटेल के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी. 2022 के चुनाव में योगेश पटेल ने भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी. पिछले महीने 79 साल की उम्र में उनका निधन हुआ था.
उपचुनाव के लिए EVM और VVPAT कराए गए उपलब्ध
आयोग ने उपचुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर EVM और VVPAT का इस्तेमाल करने का फैसला किया है. आधिकारिक बयान में कहा गया कि पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट उपलब्ध करा दिए गए हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं कि इन मशीनों की मदद से मतदान सुचारू रूप से हो.
यह भी पढ़ें - बांकीपुर उपचुनाव: कौन हैं वीणा मानवी? नितिन नवीन के गढ़ में तेज प्रताप ने बनाया उम्मीदवार, NDA को सीधी चुनौती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं