सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर कांग्रेस के आरोपों के बाद असम की सियासत गरमा गई है. बीजेपी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह निराधार और फर्जी बताया. त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने जो दस्तावेज जारी किए हैं, उनमें सरनेम गलत लिखा गया है. UIDAI की फोटो की जगह पब्लिक डोमेन की फोटो लगाई गई है और आईडी नंबर भी गलत दिखाया गया है. सुधांशु त्रिवेदी ने सबसे गंभीर आरोप का खंडन करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जो पासपोर्ट नंबर जारी किया है (784199657498), वह असल में एक मिस्र (इजिप्ट) के नागरिक अशरफ अब्दुल कादिर अब्दुल समद हुसैन का है.
बोले- यह कांग्रेस की बौखलाहट
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि अब्दुल कादिर ने 28 मार्च को सोशल मीडिया पर अपने पासपोर्ट के गुम होने की जानकारी दी थी. यह कांग्रेस की बौखलाहट और हताशा है. त्रिवेदी ने असम कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और उनके परिवार पर पाकिस्तान से संबंधों के आरोपों का भी जिक्र किया.
कांग्रेस पर बोला तीखा हमला
उन्होंने कहा, "कांग्रेस हिंदू धर्म विध्वंसक और घुसपैठियों की संरक्षक है. उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिनकी राजमाता 16 साल तक विदेशी पासपोर्ट पर भारत की मतदाता बनी रहीं और जिनके वर्तमान नेता सबसे ज्यादा विदेश भ्रमण करते हैं, वही पार्टी आज दूसरों पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोप लगा रही है."
खेड़ा ने दुबई में संपत्तियों के मुद्दे पर भी उठाए थे सवाल
असम में नौ अप्रैल को मतदान होने से ठीक चार दिन पहले, खेड़ा ने नयी दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि शर्मा की पत्नी के पास संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र के तीन पासपोर्ट हैं, जो क्रमशः मार्च 2027, अगस्त 2031 और फरवरी 2029 में समाप्त हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरमा की पत्नी के पास दुबई में दो संपत्तियां हैं, लेकिन चुनावी हलफनामे में इन संपत्तियों का कोई जिक्र नहीं है.
यह भी पढ़ेंः असम में सत्ता की लड़ाई, पत्नियों पर आई....गोगोई के बाद अब हिमंता की पत्नी पर वार ; पूरी कहानी जानिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं