- नासिक के ज्योतिष अशोक खरात मामले के अहम गवाह डॉ. जितेंद्र शेलके की सड़क हादसे में पत्नी के साथ मौत हो गई.
- डॉ. शेलके की कार समृद्धि महामार्ग पर खड़े कंटेनर से टकराई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी.
- डॉ. शेलके शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष थे, वो खरात के करीबी होने थे, उनकी मौत पर संदेह जताया जा रहा है.
कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोपी नासिक के ज्योतिष अशोक खरात मामले के एक अहम गवाह की सड़क हादसे में मौत हो गई है. समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण हादसे में इस मामले के महत्वपूर्ण गवाह डॉ. जितेंद्र शेलके की जान चली गई. इस दुर्घटना में उनकी पत्नी अनुराधा शेलके की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है.
सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से टकराई कार
जानकारी के अनुसार, डॉ. शेलके शनिवार दोपहर अपने परिवार के साथ छत्रपति संभाजीनगर से शिर्डी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान धोत्रे गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सीधे कंटेनर के नीचे घुस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
डॉक्टर शेलके और उनकी पत्नी की मौत, बेटा घायल
हादसे के बाद काफी समय तक कार कंटेनर के नीचे फंसी रही. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक डॉ. शेलके और उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी. वहीं, उनके बेटे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

अशोक खरात के शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष थे जितेंद्र शेलके
बताया जा रहा है कि अशोक खरात से जुड़े इस चर्चित मामले में डॉ. जितेंद्र शेलके एक अहम गवाह थे. वे शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष भी थे और खरात के करीबी सहयोगी माने जाते थे. इस वजह से इस हादसे के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं और मामले को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है.
पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से कर रही जांच
अहमदनगर क्राइम ब्रांच ने इस घटना की पुष्टि की है. अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा समृद्धि हाईवे पर खड़े एक कंटेनर से टकराने के कारण हुआ, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां इस हादसे के हर पहलू की जांच कर रही हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और वजह है.
बता दें कि अशोक खरात के खिलाफ नासिक, शिर्डी, वावी और सरकारवाड़ा समेत कई पुलिस थानों में पहले से भी कई एफआईआर दर्ज हैं. इन मामलों में अशोक खरात पर दुष्कर्म, धोखे से यौन संबंध बनाने और अंधविश्वास फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं.
विपक्षी दलों ने हादसे पर उठाए सवाल
इस बीच, विपक्षी नेताओं ने इस घटना को "अविश्वसनीय" बताया और सवाल उठाया कि क्या यह घटना खरत के खिलाफ चल रही जांच में तथ्यों को दबाने के लिए "साजिश के तहत" रची गई थी.

रोहित पवार ने पूछा- क्या राज छिपाने के लिए रची गई साजिश
NCP (SP) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि शिवनिका संस्थान के उपाध्यक्ष और खरत के सहयोगी शेल्के की दुर्घटना में हुई मौत चौंकाने वाली है. उन्होंने आगे कहा, "कोई भी यह सोचने पर मजबूर हो जाता है कि क्या यह दुर्घटना इसलिए रची गई थी ताकि खरात से जुड़े कुछ खास तथ्य सामने न आ सकें. इस मामले की विस्तृत जांच होनी चाहिए."
शिवेसना नेता ने खरात से जुड़े लोगों की सुरक्षा की मांग की
शिवसेना (UBT) की नेता सुषमा अंधारे ने इस घटना को "अविश्वसनीय" करार दिया और कहा कि पिछले कई दिनों से ऐसी आशंकाएं जताई जा रही थीं कि खरात मामले से जुड़े लोगों की जान को खतरा हो सकता है. उन्होंने कहा, "आज की घटना ने इस शक को और भी गहरा कर दिया है. अगर SIT ने जांच में तेज़ी नहीं लाई, तो संदेह और भी बढ़ जाएगा. यह पूरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है."
सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा- यह महज हादसा नहीं
सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने भी इस घटना पर संदेह जताते हुए कहा कि शेल्के शिवनिका संस्थान में एक अहम पद पर थे. दमानिया ने कहा कि अभी तीन दिन पहले ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनसे पूछताछ की थी, और अब उनकी एक दुर्घटना में मौत हो गई. उन्होंने आरोप लगाया, "यह महज एक दुर्घटना नहीं हो सकती."
यह भी पढ़ें - अशोक खरात के ठिकानों पर एक साथ IT-ED का छापा, नासिक-पुणे-शिरडी समेत 11 से अधिक जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं