Bengal News Hindi Today: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. आसनसोल में लाउडस्पीकर रोकने के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि उग्र भीड़ ने सीधे कानून को अपने हाथ में ले लिया. आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी पर सैकड़ों लोगों की भीड़ ने न सिर्फ धावा बोला, बल्कि जमकर उत्पात मचाया. हालात इस कदर बेकाबू हो गए कि पुलिस को उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले तक दागने पड़े.
मस्जिद का माइक हटाने को लेकर भड़का विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस पूरे बवाल की जड़ मस्जिद में लाउडस्पीकर बजाने को लेकर हुई एक शिकायत थी. आरोप है कि पुलिस द्वारा इस मामले में दखल देने और लाउडस्पीकर रोकने के प्रयास के बाद इलाके में देखते ही देखते सांप्रदायिक और सामाजिक तनाव फैल गया. इस कार्रवाई से नाराज जहांगीरी मोहल्ला के सैकड़ों लोग इकट्ठा होकर सीधे स्थानीय पुलिस चौकी के बाहर पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया.
थाने पर पथराव, गाड़ियां तोड़ीं; रणक्षेत्र बनीं सड़कें
शुरुआत में जो प्रदर्शन सामान्य दिख रहा था, वह अचानक हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. उग्र भीड़ ने जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी को चारों तरफ से घेरकर पथराव शुरू कर दिया. इस दौरान चौकी के भीतर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की गई.

आसनसोल में पथराव के बाद की तस्वीरें.
Photo Credit: NDTV Reporter
मौके पर मौजूद चश्मदीदों और सामने आए वीडियो के मुताबिक, चौकी परिसर और सड़कों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को उपद्रवियों ने नीचे गिरा दिया और उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. पूरी सड़क पत्थरों और मलबे से पट गई. जब स्थिति हाथ से निकलती दिखी, तो पुलिस ने मोर्चा संभाला. उपद्रवियों पर पहले ताबड़तोड़ लाठियां भांजी गईं और फिर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए.
DC बोले- 'बख्शे नहीं जाएंगे उपद्रवी'
इस भीषण बवाल के बाद से पूरे जहांगीरी मोहल्ला और आस-पास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में सन्नाटा और तनाव साफ महसूस किया जा सकता है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DC) PVG Satish ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने बताया कि इस पूरी घटना की गहन जांच शुरू कर दी गई है. वीडियो फुटेज और सीसीटीवी के जरिए पुलिस चौकी पर हमला करने और तोड़फोड़ मचाने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कोलकाता में सड़क पर नमाज को लेकर भी हुआ था हंगामाआसनसोल में रात को भड़के इस बवाल से ठीक पहले, दिन के समय कोलकाता के राजाबाजार इलाके में भी जबरदस्त हंगामा हुआ था. वहां शुक्रवार की नमाज के दौरान लोग सड़क पर बैठने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मुस्तैद पुलिस प्रशासन ने नियमों का हवाला देते हुए नमाजियों को सड़क पर नमाज पढ़ने से रोक दिया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद नमाजियों और पुलिस बल के बीच तीखी नोकझोंक और बहस शुरू हो गई. हालांकि, कोलकाता पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए स्थिति को ज्यादा बिगड़ने नहीं दिया और यातायात बहाल रखा.
ये भी पढ़ें:- हरियाणा के इस गांव में खड़ी हुई 'ड्रोन सिटी', आज उद्घाटन; देश की 23 बड़ी कंपनियां यहीं बनाएंगी 'उड़ने वाले जहाज'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं