पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रविवार (20 अप्रैल) देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सेंट्रल फोर्स की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गई. इस हादसे में कम से कम 15 लोग घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना उत्तर थाना क्षेत्र के ओके रोड पर करीब 11 बजे रात के बाद हुई. पुलिस और सेंट्रल फोर्स की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 3 घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आरोप- नशे में था ड्राइवर
मौके पर मौजूद एक स्थानीय युवक ने बताया कि बस का चालक नशे की हालत में था. वह बेपरवाह तरीके से बस चला रहा था. इसकी वजह से बस अचानक आबादी वाले इलाके में घुस गई और सड़क किनारे सोए कई लोगों को अपनी चपेट में ले ली. हादसे के बाद बस पास के एक कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल से भी टकरा गई.
टीएमसी नेता और पुलिस मौके पर पहुंचे
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने बस पर पथराव किया और तोड़-फोड़ भी की. सूचना मिलते ही आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार मलय घटक मौके पर पहुंचे. उन्होंने लोगों को शांत कराने की कोशिश की और पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ेंः दंतेवाड़ा में मड्डाराम के साथ खेलेंगे 'क्रिकेट के भगवान'? सचिन तेंदुलकर के दौरे पर दिव्यांग क्रिकेटर की ये इच्छा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं