- आंध्र प्रदेश में एक इंजीनियर और उसके परिवार ने गोदावरी नदी में कूदकर आत्महत्या की थी
- मृतक इंजीनियर ने अपने नोट में राइफल शूटिंग कोच शेख सादिक खान का नाम लिखा था, जिससे पुलिस ने हिरासत में लिया है
- आरोपी सादिक खान को पांच राज्यों में पीछा करने के बाद यूपी के मेरठ से गिरफ्तार किया गया
आंध्र प्रदेश में एक ग्रामीण इंजीनियर और उसके परिवार ने इस महीने की शुरुआत में गोदावरी नदी में कूदकर जान दे दी थी. पुलिस ने इस मामले में एक राइफल शूटिंग कोच को अरेस्ट किया है. घटना 16 और 17 अगस्त दरम्यानी रात की है, जब पंचायत राज के असिस्टेंट इंजीनियर थिल्लापुडी नूकाराजू, उनकी पत्नी मीना, बेटी सौजन्या और 10 साल के पोते ने राजमहेंद्रवरम में रेल पुल से गोदावरी नदी में छलांग लगा दी. पोते को तो मछुआरों ने बचा लिया, लेकिन नूकाराजू और बाकी दोनों महिलाओं की मौत हो गई.
मरने से पहले नोट में लिखा राइफल शूटिंग कोच का नाम
पुलिस को घटना की जांच के दौरान नूकाराजू का लिखा हुआ एक नोट मिला. इसमें राइफल शूटिंग कोच शेख सादिक खान का नाम मौत से पहले की परिस्थितियों से जोड़ा गया था. जिसके बाद खान के खिलाफ नूकाराजू को धर्म बदलने के लिए मजबूर करने, हत्या और जबरन वसूली जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने कई राज्यों में पीछा करने के बाद आरोपी सादिक को आखिरकार यूपी के मेरठ से धर दबोचा.
मेरठ से आरोपी सादिक को धर दबोचा
काकीनाडा जिले के SP बिंदु माधव ने कहा, " पांच राज्यों में सादिक का पीछा किया, जो कि बहुत मुश्किल भरा रहा. इसके लिए पुलिस की 10 से ज्यादा टीमें तैनात की गई थीं." जानकारी के मुताबिक, आरोपी इतना शातिर था कि वह फोन के इस्तेमाल और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से बच रहा था, लेकिन फिर भी पुलिस उनकी लोकेशन ट्रैस करने में कामयाब रही. सादिक खान को ट्रांजिट वारंट पर आंध्र प्रदेश लाया गया. पुलिस
इंजीनियर के परिवार से आरोपी का क्या कनेक्शन?
पुलिस ने खुलासा किया कि सादिख खान, नूकाराजू और उनके परिवार को करीब दो साल से जानता था. उसने उस स्कूल में राइफल-शूटिंग कोच के तौर पर काम किया था, जहां उनका पोता पढ़ता था. परिवार के साथ उसके कथित संबंधों, घटना के बाद उसकी गतिविधियों और नोट में लिखी बातों की जांच की जा रही है.
धर्म परिवर्तन, जबरन वसूली वाला एंगल
इस बीच, पूर्व सांसद विजयसाई रेड्डी ने इस मामले में एक बड़ी साजिश और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का आरोप लगाते हुए CBI या NIA से मामले की जांच की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि खान 10 लोगों के उस ग्रुप का हिस्सा था जो कथित तौर पर धर्म परिवर्तन, जबरन वसूली, हथियार सप्लाई और देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल था. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस ग्रुप ने काकीनाडा और राजमहेंद्रवरम और उसके आस-पास के इलाकों में करीब 15 और परिवारों को निशाना बनाया था.
विजयसाई रेड्डी ने कहा, 'क्यों कि ये गतिविधियां कथित तौर पर दूसरे राज्यों और देशों तक फैली हुई हैं, इसलिए यह मामला CBI या NIA को सौंपने के लिए बिल्कुल सही है."
आरोपी से चल रही पूछताछ
बता दें कि सादिक खान अब पुलिस हिरासत में है. पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. पुलिस उन घटनाओं का ब्योरा फिर से तैयार करेगी, जिनकी वजह से परिवार ने जान दी. यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या इसमें कोई और भी शामिल था. अधिकारियों के मुताबिक, जांच में अब तक कथित 'लव जिहाद' से कोई संबंध नहीं मिला है.
ये भी पढे़ं-तालिबान की ये कैसी अदालत? 18 साल की तलाक मांग रही लड़की को 'कम अक्ल' बताते हुए सुनाई खरी-खोटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं