- अमूल डेयरी ने 1 जून 2026 से दूध की खरीद कीमत प्रति किलो फैट दस रुपये बढ़ाने का ऐलान किया है
- गाय के दूध की खरीद कीमत में प्रति लीटर 4 रुपये 55 पैसे की वृद्धि की गई है
- बढ़ती महंगाई और पशु आहार की लागत को देखते हुए अमूल ने किसानों के हित में यह फैसला लिया है
देश की सबसे बड़ी डेयरी सहकारी संस्था Amul ने लाखों पशुपालकों और किसानों को बड़ी सौगात दी है. बढ़ती महंगाई, महंगे पशु आहार और उत्पादन लागत में इजाफे के बीच अमूल डेयरी ने दूध खरीद कीमतों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी का ऐलान किया है. अमूल डेयरी आगामी 1 जून 2026 से दूध खरीद के भाव में प्रति किलो फैट 10 रुपये की बढ़ोतरी करने जा रही है. यानी जो खरीद भाव पहले 865 रुपये प्रति किलो फैट था, वह अब बढ़कर 875 रुपये प्रति किलो फैट हो जाएगा.
किसानों और पशुपालकों को अमूल ने दी बड़ी राहत
अमूल ने इसके अलावा गाय के दूध के खरीद भाव में भी वृद्धि की गई है. गाय के दूध में प्रति लीटर करीब 4 रुपये 55 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे सीधे तौर पर लाखों पशुपालकों को आर्थिक लाभ मिलने वाला है. अमूल का यह नया फैसला 1 जून 2026 की सुबह की पाली से पूरे देश में लागू किया जाएगा.

अमूल के फैसले की वजह जानें
आणंद स्थित अमूल डेयरी के चेयरमैन शभेसिंह परमार के मुताबिक, पशु आहार और अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, पशुपालकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए डेयरी द्वारा यह बड़ा निर्णय लिया गया है. वहीं डेयरी क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि अमूल के इस फैसले से किसानों और पशुपालकों को बड़ी राहत मिलेगी और दुग्ध उत्पादन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा.

अमूल ने 14 मई से बढ़ाए दूध के दाम
बता दें कि गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने अमूल दूध पर 2 रुपये की कीमत बढ़ा दी है. बढ़ी हुई यह कीमत अमूल दूध के सभी वैरिएंट पर 14 मई से लागू हो चुकी हैं. अमूल ने दूध के ये दाम पूरे भारत में बढ़ाए हैं. अमूल का एक लीटर वाला पैकेट 2 रुपये महंगा मिल रहा है. कीमतों में यह ताजा बदलाव अमूल दूध के सभी वैरिएंट पर लागू हो रहा है, जिनमें अमूल स्टैंडर्ड मिल्क, भैंस का दूध, गोल्ड, स्लिम एंड ट्रिम, टी-स्पेशल, ताजा और गाय का दूध शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- पशुपालकों के लिए वरदान साबित हो रहा अमूल AI 'सरलाबेन' ऐप, मवेशियों से जुड़ी हर जानकारी बस एक क्लिक में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं