नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) यूनिट में कथित धार्मिक रूपांतरण और यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर चल रही पुलिस जांच के बीच कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उसे अपने आंतरिक शिकायत तंत्र (Internal Complaint System) के जरिए इस तरह की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.
'किसी ने पॉश की शिकायत नहीं की'
TCS की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया कि प्रारंभिक आंतरिक जांच में नासिक यूनिट से संबंधित प्रणालियों और अभिलेखों की समीक्षा की गई, जिसमें यह सामने आया कि न तो कंपनी के ‘एथिक्स' चैनल और न ही ‘पॉश' (यौन उत्पीड़न रोकथाम) तंत्र पर आरोपों जैसी कोई शिकायत दर्ज कराई गई थी.
TCS ने गठित की ओवरसाइट कमेटी
कंपनी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक ओवरसाइट कमेटी के गठन की भी घोषणा की है. इस समिति की अध्यक्षता बोर्ड के स्वतंत्र निदेशक और वित्तीय क्षेत्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ केकी मिस्त्री करेंगे. आंतरिक जांच का नेतृत्व TCS की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर आर्थी सुब्रमण्यम कर रही हैं, जिसकी रिपोर्ट ओवरसाइट कमेटी के सामने पेश की जाएगी.
यह भी पढ़ें- TCS नासिक विवाद पर दिल्ली में बवाल: VHP-बजरंग दल का प्रदर्शन, हेल्पलाइन लॉन्च का ऐलान
TCS ने यह भी बताया कि जांच की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए कंसल्टेंसी फर्म डेलॉयट और कानून फर्म ट्राइलीगल को स्वतंत्र सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है.
HR मैनेजर नहीं हैं निदा खान
इस बीच कंपनी ने मीडिया रिपोर्ट्स में किए गए एक दावे का खंडन करते हुए कहा कि पुलिस केस में आरोपी के तौर पर नामित निदा खान कोई एचआर मैनेजर नहीं हैं, बल्कि वे एक प्रोसेस एसोसिएट हैं और उन्होंने कभी भी किसी नेतृत्वकारी पद पर काम नहीं किया.
बंद नहीं हुई नासिक यूनिट
कंपनी ने नासिक यूनिट को बंद किए जाने की खबरों को भी गलत बताया और कहा कि यूनिट सामान्य रूप से संचालित हो रही है तथा ग्राहकों को सेवाएं दी जा रही हैं.
यह भी पढ़ें- TCS नासिक केस में NHRC की एंट्री, पुलिस और कंपनी से मांगी रिपोर्ट, जांच तेज
अपने बयान में TCS ने कहा, 'कर्मचारियों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार के दबाव, जबरदस्ती या कदाचार के प्रति हमारी जीरो टोलरेंस पॉलिसी है.' कंपनी ने यह भी दोहराया कि वह कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ पूर्ण सहयोग कर रही है ताकि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समुचित जांच हो सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं