- बंगाल में BJP सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नए मंत्रियों को विभिन्न विभागों का कार्यभार सौंपा गया है.
- स्वपन दासगुप्ता को वित्त विभाग तथा तापस राय को उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है.
- डॉ. शरदवत मुखर्जी को स्वास्थ्य मंत्री, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को उच्च शिक्षा विभाग का कार्यभार मिला है.
पश्चिम बंगाल में BJP सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के 10 दिन बाद बुधवार को नये मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा किया गया. पत्रकार से नेता बने स्वपन दासगुप्ता को वित्त विभाग और तापस राय को उद्योग विभाग मिला है. राज्य के गृह विभाग की ओर से जारी और मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा हस्ताक्षरित अधिसूचना के अनुसार विधाननगर के भाजपा विधायक डॉ. शरदवत मुखर्जी को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है.
जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी
पत्रकार से नेता बने जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गयी है. वह बीरभूम जिले में सूरी विधानसभा क्षेत्र से विजयी हुए थे. बीरभूम से भाजपा नेता दूध कुमार मंडल कृषि मंत्री बनाये गये हैं, जबकि दीपक बर्मन को स्कूली शिक्षा विभाग का प्रभार मिला है. बर्मन अलीपुरद्वार जिले में फलकाता से भाजपा नेता हैं.
अर्जुन सिंह श्रम विभाग एवं परिवहन विभाग
अन्य महत्वपूर्ण विभागों में शंकर घोष को पर्यटन एवं संसदीय कार्य विभाग मिले जबकि अर्जुन सिंह श्रम विभाग एवं परिवहन विभाग के प्रभारी बनाये गये. इंद्रनील खान को खेल एवं उपभोक्ता मामले का मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है. मालती रावा राय को महिला एवं बाल विकास विभाग मिला है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नौ मई को पांच कैबिनेट मंत्रियों - दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रमाणिक और क्षुदीराम टुडू - के साथ शपथ ली थी. इन मंत्रियों को पहले ही विभाग दे दिये गये हैं,
राज्य मंत्रिमंडल का एक जून को महत्वपूर्ण विस्तार हुआ था. राज्यपाल आर एन रवि ने 35 और मंत्रियों को शपथ दिलायी, उनमें से 13 कैबिनेट मंत्री और 22 राज्य मंत्री हैं. तीन स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री भी हैं. इस विस्तार के साथ, मंत्रिपरिषद की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई.
ये भी पढ़ें : 'टीएमसी में रहने का कोई मतलब नहीं था', राज्यसभा से इस्तीफे के बाद NDTV से बोलीं सुष्मिता देव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं