- यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या में यूपी पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट.
- अजय राय राम मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले थे. लेकिन उसके पहले ही उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया.
- अजय राय ने मांग की है कि उन्हें राम मंदिर में दर्शन के लिए जाने दिया जाए. वह मंदिर जाने के लिए अड़े हैं.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सियासत गर्माती जा रही है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर में दर्शन करने वाले थे. लेकिन उसके पहले यूपी पुलिस ने उन्हे हाउस अरेस्ट कर लिया. कानून व्यवस्था के चलते उन्हें सोमवार रात में 11 बजकर 30 मिनट पर ही होटल से हाउस अरेस्ट किया गया था. जिस पर अजय राय की प्रतिक्रिया भी आ गई है. उनका कहना है कि वह राम मंदिर में दर्शन करने के लिए जाएंगे. इसके लिए भले ही उन्हें जेल जाना पड़े या फिर अन्न जल त्यागना पड़े. लेकिन वह अपने साथियों के साथ राम मंदिर में दर्शन करना चाहते हैं.
राम मंदिर में दर्शन के लिए जाने दिया जाए: अजय राय
अजय राय ने वीडियो जारी करके बताया 'वह रात में ही अयोध्या पहुंचे थे और एक निजी होटल में ठहरे थे. लेकिन रात में ही पुलिस वहां पहुंची और होटल से उन्हें साथियों समेत आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस लाया गया और यहां हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. हमें प्रताणित किया जा रहा है और हमें रामलला के दर्शन करने से रोका जा रहा है. लेकिन हम सब लोगों की मांग है कि हमें भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए जाने दिया जाए. यही हमारी मांग है. इसके लिए अगर हमें जेल भी जाना पड़े तो हम जाएंगे चाहे फिर अन्न जल त्यागना पड़े तो हम वह भी करेंगे. लेकिन राम मंदिर में हम दर्शन करना चाहते हैं.'
ये भी पढ़ेंः मथुरा में भी चढ़ावा चोरी का इरादा था, कर्नाटक तक जाता था हिस्सा: NDTV पर अखिलेश यादव Exclusive
अरविंद केजरीवाल को जाने दिया हमें रोका जा रहा
अजय राय ने कहा 'हमें जाने से रोका जा रहा है. लेकिन दो दिन पहले ही जब अरविंद केजरीवाल जब अयोध्या आए थे तो उन्हें वीआईपी तरीके से राम मंदिर में जाने दिया गया था. गर्भग्रह में जाकर दर्शन किए थे, उनके साथ उनके सांसद और अन्य लोग भी थे. लेकिन किसी को रोका नहीं गया. लेकिन हमें रोका जा रहा है. बीजेपी जानबूझकर ऐसा कर रही है. अजय राय ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय, अनिल मिश्रा, नृपेंद्र मिश्रा समेत सभी लोगों की भूमिका संदिग्ध है. लेकिन इन्हें बचाया जा रहा है. हम केवल रामलला के दर्शन करना चाहते हैं प्रार्थना करना चाहते हैं कि भगवान इन्हें सद्धबुद्धि दे'
'मैं इतना ही कहना चाहता हूं कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी में जिन आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्हें पुलिस रिमांड में क्यों नहीं भेजा गया. उन्हे सीधा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. लेकिन इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. अगर इन लोगों की भूमिका नहीं थी तो फिर इस्तीफा क्यों दिया है. इन सभी आठों लोगों की रिमांड होगी तो सबकुछ सामने आएगा. हम केवल राम मंदिर के दर्शन करना चाहते हैं.'
अजय राय के साथ सांसद भी हाउस अरेस्ट
अजय राय के साथ कांग्रेस उज्ज्वल रमण सिंह और उनके अन्य साथियों को भी हाउस अरेस्ट किया गया है. वहीं जहां उन्हें रोका गया है. वहां मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
ये भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा चोरी में चंपत राय का पहला बयान- जिम्मेदारी स्वीकार, हेराफेरी में भूमिका से इनकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं