- आशुतोष-सौरव दास के खिलाफ कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर प्रदर्शनों से जुड़े मामले क्राइम ब्रांच को सौंपे गए हैं.
- अभिजीत दीपके ने कहा कि आंदोलन का वास्तविक नेतृत्व आशुतोष रांका और सौरव दास ने किया है, न कि वे स्वयं.
- विवाद के बाद दीपके ने एक और वीडियो जारी कर सौरव और आशुतोष को तेज और प्रतिभाशाली बताते हुए उनकी प्रशंसा की.
CJP नेता आशुतोष रांका और सौरव दास के खिलाफ दर्ज दोनों मामले अब क्राइम ब्रांच को सौंप दिए गए हैं. ये मामले कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शनों से जुड़े हैं. सूत्रों के मुताबिक, कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दर्ज ‘बिना अनुमति प्रवेश' से जुड़ा मामला पहले ही क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया था. वहीं, जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा दूसरा मामला भी अब क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है. इस बीच CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि बाहर के लोग भले ही उन्हें आंदोलन का चेहरा मानते हों, लेकिन आंदोलन का वास्तविक नेतृत्व आशुतोष रांका और सौरव दास ने किया है. दीपके के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया. इसके बाद उन्होंने देर रात एक और वीडियो जारी किया.
सौरभ और आशुतोष को आंदोलन का असली लीडर बताया
CJP प्रमुख अभिजीत दीपके के एक वीडियो बयान के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. करीब 16 मिनट के वीडियो में दीपके ने कहा कि अब तक हुए आंदोलनों की रणनीति और उन्हें आगे बढ़ाने में सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका की अहम भूमिका रही है. दीपके के मुताबिक, वह खुद इन प्रदर्शनों के वास्तविक नेतृत्वकर्ता नहीं हैं, बल्कि निर्देशों के मुताबिक काम करते हैं. उन्होंने सौरभ और आशुतोष को आंदोलन का असली नेतृत्वकर्ता बताया.
Message to all cockroaches https://t.co/9e5yI9Nst0
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) October 20, 2026
इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दीपके को आलोचना का सामना करना पड़ा. कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि वह खुद को बचाने के लिए आंदोलन की जिम्मेदारी सौरभ और आशुतोष पर डाल रहे हैं. इन आरोपों के बीच दीपके ने रात में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक और वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा.
Saurav and Ashu are not just better leaders than me but also better people. When I say this, I am not throwing them under the bus but rather taking pride in the fact that I have better people by my side. https://t.co/j6UXSvgoH9
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) October 20, 2026
नए वीडियो में दीपके ने क्या बताया?
नए वीडियो में दीपके ने कहा कि सौरभ और आशुतोष उनसे ज्यादा तेज और प्रतिभाशाली हैं. उन्होंने कहा कि संगठन में तानाशाही सोच के लिए कोई जगह नहीं है और अगर कोई व्यक्ति उनसे बेहतर है तो इसे स्वीकार करने में उन्हें न तो कोई झिझक है और न ही असुरक्षा. दीपके ने दोहराया कि सौरभ और आशुतोष कई मामलों में उनसे बेहतर फैसले लेने और परिस्थितियों को समझने की क्षमता रखते हैं. उन्होंने दोनों को खुद से बेहतर नेता और बेहतर इंसान भी बताया.
ये भी पढ़ें : 'दिवाली तक कोई प्रोटेस्ट नहीं, त्योहारों में फैमिली के साथ रहें', दीपके ने 16 मिनट के वीडियो में क्या कहा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं