कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने मंगलवार को अपने समर्थकों के लिए एक खास मैसेज दिया. दीपके अपने समर्थकों को 'कॉकरोच' कहते हैं. उन्होंने अपने मैसेज में कहा कि दिवाली तक कोई प्रदर्शन नहीं होगा. उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि अब वक्त आ गया है कि कुछ समय का ब्रेक लें और कुछ दिन अपने परिवारों के साथ बिताएं.
16 मिनट से ज्यादा लंबे एक वीडियो मैसेज में उन्होंने कहा, 'अभी, मैं बस आप सभी से मेरे सभी साथियों से यह गुजारिश करना चाहता हूं कि कुछ दिनों के लिए आप अपने परिवारों के साथ समय बिताएं. त्योहार आने वाले हैं, और पिछले कुछ दिनों में जो कुछ भी हुआ है, उसे देखते हुए आपके परिवार वाले यकीनन बहुत चिंतित होंगे.'
दीपके ने आगे कहा, 'इसलिए, कुछ दिनों के लिए अपने परिवारों के साथ समय बिताएं. अपने परिवारों के साथ रहें, अपने अपनों के साथ रहें.'
सौरव और आशुतोष का जिक्र
अपने वीडियो मैसेज में दीपके ने सौरव दास और आशुतोष रांका का भी जिक्र किया, जो अभी तिहाड़ जेल में बंद हैं. सोमवार को ही कोर्ट ने दोनों की न्यायिक हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी है
दीपके ने कहा कि सौरव 6 दिन से ज्यादा समय से जेल में है फिर भी कोर्ट में मुस्कुराते हुए आता है. उन्होंने कहा, 'जिस सौरव का मजाक उड़ता था कि ये प्रोटेस्ट में भी स्टारबक्स की कोल्ड कॉफी पीता है, वही सौरव आज जेल में रहकर लड़ रहा है.'
Message to all cockroaches https://t.co/9e5yI9Nst0
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) October 20, 2026
उन्होंने बताया कि उन्होंने सौरव की मां से बात की है. मां ने कहा है कि बेटा चिंता मत करो, सौरव फाइटर है और ठीक रहेगा.
वहीं आशु के अंकल का जेल में रहते हुए निधन हो गया, वह अंतिम संस्कार में भी नहीं जा पाए. फिर भी उनकी फैमिली कह रही है कि आशु सही के लिए लड़ रहा है और चिंता करने की जरूरत नहीं है.
यह भी पढ़ेंः जेल में ही मनेगा आशुतोष रांका-सौरव दास का दशहरा, दो दिन और तिहाड़ में ही रहेंगे
'हम नफरत के खिलाफ लड़ रहे हैं'
दीपके ने कहा, 'हम नफरत के खिलाफ लड़ रहे हैं. वो लोग चाहते हैं कि हम भटक जाएं, हम भी नफरत से रिस्पॉन्ड करें, लेकिन हम नहीं करेंगे. हम गांधी के सत्याग्रह के रास्ते पर हैं. सौरव और आशु हंसते हुए जेल गए हैं, बिना गुस्से और नफरत के.'
उन्होंने समर्थकों से अपील की, 'थोड़े दिन के लिए फैमिली के साथ टाइम स्पेंड करिए, फेस्टिवल आ रहे हैं. आपकी फैमिली चिंतिंत होगी. लेकिन प्लीज जब फैमिली के साथ हों तो सौरव और आशु को याद रखना, क्योंकि वो अपनी फैमिली के साथ नहीं हैं.'
आखिर में उन्होंने ट्रोल्स को जवाब देते हुए कहा, 'हमारे इमोशन्स हमारी वीकनेस नहीं, हमारी स्ट्रेंथ है. हम डरेंगे नहीं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं