विज्ञापन
This Article is From Oct 24, 2019

Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने 2 ड्राइवरों की हत्या की, ट्रक को लगाई आग

जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने दो ट्रक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी. आतंकियों ने इसके साथ-साथ ट्रक को आग के हवाले भी कर दिया.

Also Read in
Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने 2 ड्राइवरों की हत्या की, ट्रक को लगाई आग
प्रतीकात्मक फोटो.
श्रीनगर:

जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने दो ट्रक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी. आतंकियों ने इसके साथ-साथ ट्रक को आग के हवाले भी कर दिया. हमले में एक अन्य ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है. ट्रक ड्राइवर यहां सेब लेने आए थे. दक्षिण कश्मीर में बीते 10 दिनों में ट्रक चालकों को निशाना बनाए जाने की यह तीसरी घटना है. वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. ट्रक चालक बिना सुरक्षा बलों को जानकारी दिए हुए अंदरुनी हिस्सों में गए थे.' उन्होंने बताया कि दो ट्रक चालकों के शवों को बरामद कर लिया गया है, जबकि एक घायल ट्रक चालक को श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम को शोपियां के चित्रगाम में आतंकवादियों ने ट्रकों पर गोलीबारी की, जिसमें तीन चालक घायल हो गए.

जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने ट्रक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या की

उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में पंजीकृत ट्रकों को रोका और उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. इससे बचने के लिए ट्रक चालकों ने भागने की नाकाम कोशिश की. सिंह ने बताया कि आतंकवादियों ने दो ट्रकों को भी आग के हवाले कर दिया. उन्होंने बताया कि एक मृतक ट्रक चालक की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी मोहम्मद इलियास के तौर पर की गई है. घायल चालक का नाम जीवन है जो पंजाब के होशियारपुर का रहने वाला है. तीसरे व्यक्ति की पहचान की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि पुलिस इलाके की घेराबंदी कर दोषियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है.

बता दें कि 14 अक्टूबर को दो आतंकवादियों ने शोपियां में राजस्थान के पंजीकरण वाले ट्रक के चालक की गोली मारकर हत्या कर दी थी. उन्होंने सेब कारोबारी से मारपीट भी की थी. मृतक चालक की पहचान शरीफ खान के रूप में की गई थी जबकि दोनों आतंकवादियों में एक के पाकिस्तानी नागरिक होने का शक है. इस घटना के बाद शोपियां में ही आतंकवादियों ने पंजाब निवासी सेब कारोबारी चरणजीत सिंह की हत्या कर दी थी. इस हमले में संजीव नामक शख्स घायल हो गया था.

 (इनपुट: भाषा से भी)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kashmir, Truck Drivers Shot, Shopian
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com