विज्ञापन
This Article is From May 01, 2018

कश्मीर के बारामुला में आतंकियों ने तीन युवकों की हत्या की

बारामुला जिले के ओल्ड टाउन इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने युवकों को गोलियों से भूना, तीनों की उम्र 20 साल के आसपास

कश्मीर के बारामुला में आतंकियों ने तीन युवकों की हत्या की
प्रतीकात्मक फोटो.
  • युवक मोहम्मद असगर, आसिफ अहमद शेख और हसीब अहमद खान मारे गए
  • करीब से गोलियां मारीं, तीनों की मौके पर ही मौत हो गई
  • युवक किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल नहीं थे
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले के ओल्ड टाउन इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने आज रात में तीन युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी.

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों ने ओल्ड टाउन की इकबाल मार्केट इलाके में उन्हें करीब से गोलियां मारी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद असगर, आसिफ अहमद शेख और हसीब अहमद खान के रूप में हुई है. सभी बारामुला के कक्कड़ हमाम के रहने वाले थे. इन सभी की उम्र 20 वर्ष के आसपास थी.

पुलिस ने बताया कि आतंकियों ने उन पर 15 राउंड गोलियां चला दी. वे किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल नहीं थे या खुफिया एजेंसियों के साथ जुड़े हुए नहीं थे. प्रवक्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में इस हमले में पाकिस्तान स्थित लश्कर ए तैयबा के शामिल होने का पता चला है.

पुलिस महानिदेशक एसपी वैद ने हमले को ‘बर्बर और अमानवीय’ करार देते हुए कहा कि अपराधियों के मामले में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी. प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में एक पाकिस्तानी और ओल्ड टाउन के दो स्थानीय आतंकवादी मुख्य संदिग्ध है और वे वांछित है.

मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इन युवकों की हत्या की निंदा की है. उन्होंने कहा, ‘‘ बारामुला में आतंकवादी द्वारा नागरिकों की हत्या की खबर सुनकर परेशान हूं. मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.’’

पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने हमले की निंदा की और कहा कि वह यह देखना चाहेंगे कि तीन युवकों की निर्मम हत्या पर अलगाववादी नेता कैसे प्रतिक्रिया देंगे. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ अभी बारामूला में आतंकवादियों ने तीन नागरिकों का कत्ल कर दिया. मैं देखना चाहूंगा कि अलगाववादी नेता निंदा करेंगे जो वे अक्सर तब करते हैं जब सुरक्षा बलों द्वारा नागरिक मारे जाते हैं.’’

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Three Youths Killed
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com