विज्ञापन
This Article is From May 25, 2018

अमित शाह ने स्वीकारा, सपा-बसपा गठबंधन 2019 में भाजपा के लिए चुनौती होगा

अमित शाह ने कहा कि 2019 में उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच गठबंधन भाजपा के लिए चुनौती साबित होगा.

अमित शाह ने स्वीकारा, सपा-बसपा गठबंधन 2019 में भाजपा के लिए चुनौती होगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह. (फाइल फोटो)
  • सपा-बसपा गठबंधन पर बोले भाजपा अध्यक्ष
  • भाजपा रायबरेली या अमेठी में जरूर जीतेगी
  • महाराष्ट्र में हम शिवसेना से अलग नहीं होना चाहते
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को स्वीकार किया कि 2019 में उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच गठबंधन भाजपा के लिए चुनौती साबित होगा. साथ ही कहा कि भाजपा, कांग्रेस को या तो अमेठी में या रायबरेली में हराएगी. शाह ने यहां मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर पत्रकारों से कहा, 'अगर बसपा और सपा गठबंधन बना कर चुनाव लड़ेंगी, तो यह हमारे लिए एक चुनौती होगी. हालांकि, हम इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि हम अमेठी या रायबरेली में से एक सीट जरूर जीतेंगे.'

यह भी पढ़ें : सपा-बसपा गठबंधन को लेकर मुलायम सिंह ने दिया यह बयान

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम महाराष्ट्र में गठबंधन के पुराने साथी शिवसेना से अलग नहीं होना चाहते हैं, लेकिन अगर शिवसेना अपनी अलग राह चुनना चाहती है, तो फिर हम क्या कर सकते हैं. उन्होंने कहा, '2019 में, भाजपा महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ चुनाव लड़ेगी. हम उन्हें एनडीए से बाहर नहीं करना चाहते हैं. लेकिन, अगर वे बाहर जाते हैं, तो यह उनकी इच्छा है. हम हर स्थिति के लिए तैयार हैं.'

यह भी पढ़ें : उपचुनाव के बीच सपा बोली- हम 2019 में भी BSP के साथ गठबंधन की उम्मीद करते हैं
​
शाह ने विपक्षी पार्टियों पर कहा, 'वे लोग 2014 में भी हमारे खिलाफ लड़े थे, लेकिन हमें रोकने में नाकामयाब रहे थे. उन लोगों की अपने-अपने राज्यों में उपस्थिति है. अगर वे एकसाथ आते हैं तो भी वे हमें हरा पाने में सफल नहीं होंगे.' उन्होंने कहा कि 2019 में भाजपा ऐसी अस्सी सीटें जीतेगी जहां वह बीते चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सकी थी. उन्होंने कहा, 'हमलोग ऐसी सीटों पर जीत हासिल करेंगे जोकि पूर्वोत्तर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और अन्य जगहों पर हैं.'

VIDEO : ‘जारी रहेगा सपा-बसपा गठबंधन’


भाजपा अध्यक्ष ने साथ ही कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को बदला नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा 26 मई के बाद की जाएगी.

(इनपुट : एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, 2019 Elections
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com