उड़ीसा के चांदीपुर स्थित समेकित परीक्षण रेंज से भारत ने शनिवार को परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम अत्याधुनिक शौर्य मिसाइल का परीक्षण किया।
बालेश्वर:
उड़ीसा के चांदीपुर स्थित समेकित परीक्षण रेंज से भारत ने शनिवार को परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम अत्याधुनिक शौर्य मिसाइल का परीक्षण किया। रक्षा विभाग के सूत्रों ने कहा कि सतह से सतह पर वार करने में सक्षम इस मिसाइल को समेकित परीक्षण रेंज (आईटीआर) के भूमिगत परिसर क्रमांक-3 से दोपहर 2 बजकर 28 मिनट पर दागा गया। मिसाइल विकसित करने के चरण में यह दूसरा परीक्षण था। पहला परीक्षण 12 नवंबर, 2008 को इसी स्थान से हुआ था, जो सफल रहा था। रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि विकास के चरण में यह प्रायोगिक परीक्षण रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के मौजूदा प्रौद्योगिकी उन्नयन कार्य का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक मिसाइल में परिचालन संबंधी सरलता है और इसमें निम्न रखरखाव लगता है। इसका आसानी से लंबे समय तक भंडार और परिवहन किया जा सकता है। मिसाइल का उच्च कौशल उसे मिसाइल रोधी रक्षा प्रणालियों से प्रतिरोध देता है। शौर्य अपने साथ एक टन वजनी परमाणु सामग्री और पारंपरिक आयुध को 750 किलोमीटर से अधिक दूरी तक ले जा सकता है। इसमें ठोस ईंधन के इस्तेमाल के दो चरण हैं।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
शौर्य मिसाइल, चांदीपुर