श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के सात मछुआरों को गिरफ्तार किया,नौकाओं को मारी टक्कर

श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के सात मछुआरों को गिरफ्तार किया,नौकाओं को मारी टक्कर

प्रतीकात्मक फोटो

खास बातें

  • श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय नौका को टक्कर मारी
  • यह नौका मछुआरों समेत डूब गई
  • मछुआरों को उनके साथियों ने बचाया
रामेश्वरम:

श्रीलंकाई नौसेना ने नेदुनतीवू के नजदीक मछली पकड़ने के आरोप में तमिलनाडु के सात मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया. पुडुकोट्टई मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक सेकर ने बताया कि पुडुकोट्टई जिले में जगदपट्टनम के मछुआरों को हिरासत में ले लिया गया और उन्हें उनकी दो नौकाओं के साथ कांगेसंतुरई बंदरगाह ले जाया गया.

उन्होंने बताया कि श्रीलंकाई नौसैनिकों ने उनकी मशीनीकृत नौकाओं में से एक को टक्कर भी मारी और यह नौका डूब गई. इस नौका पर पांच मछुआरे सवार थे, जिन्हें उनके साथी मछुआरों ने बचाया.

सेकर ने बताया कि मछुआरे 100 से अधिक नौकाओं के साथ समुद्र में गए थे और जब वे नेदुनतीवू के नजदीक मछली पकड़ रहे थे तभी श्रीलंकाई नौसेना के कर्मी वहां पहुंचे और उनका पीछा किया.

श्रीलंकाई नौसैनिकों ने 17 दिसंबर को तमिलनाडु की 10 मशीनीकृत नौकाओं के जाल कथित तौर पर नष्ट कर दिए थे और रामेश्वरम के करीब 3,000 मछुआरों का पीछा किया था.

इससे पूर्व 20 नवंबर को भी श्री लंका की नौसेना ने 11 भारतीय मछुआरों को हिरासत में ले लिया था और उनकी नौकाएं जब्त कर ली थीं. इसी दिन खबर आई थी कि पाकिस्तान ने भी 43 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है. पाकिस्तान ने इन मछुआरों पर अरब सागर में पाकिस्तान की सीमा में घुसने का आरोप लगाया था.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com