विज्ञापन
This Article is From Jan 22, 2014

सोमनाथ की मुश्किलें बढ़ीं, इस्तीफे की मांग जोरों पर

सोमनाथ की मुश्किलें बढ़ीं, इस्तीफे की मांग जोरों पर
फाइल फोटो
नई दिल्ली:

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रियों का धरना भले खत्म हो गया हो, लेकिन यह सवाल बाकी है कि कानून मंत्री सोमनाथ भारती का क्या होगा? दिल्ली के खिड़की एक्सटेशन में रहने वाली युगांडाई महिलाओं ने उनके खिलाफ अदालत में भी शिकायत की है और महिला आयोग में भी।

महिला आयोग के मुताबिक, सोमनाथ भारती के खिलाफ जो आरोप हैं, अगर वे साबित हुए तो उन्हें तीन साल तक की सजा हो सकती है। सोमनाथ भारती के इस्तीफे की मांग शुरू हो गई है।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने सोमनाथ भारती पर निशाना साधते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री को भारती से इस्तीफा लेना चाहिए। ममता शर्मा के मुताबिक, सोमनाथ भारती ने कानून हाथ में लेकर गलत किया है।

इसके अलावा करीब 40 शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सोमनाथ भारती को निकालने की बात कही है।

'आप' के विधायक विनोद कुमार बिन्‍नी ने कहा है कि दिल्‍ली पुलिस के अफसरों को छुट्टी पर भिजवाने के बाद केजरीवाल को सोमनाथ भारती को भी छुट्टी पर भेजना चाहिए। 'आप' के सदस्‍य कैप्‍टन गोपीनाथ ने भी भारती को निलंबित किए जाने की मांग की है।

मंगलवार को इन महिलाओं ने मजिस्ट्रेट के सामने सोमनाथ भारती की शिनाख्त की थी। पीड़िता ने कहा था कि 15 जनवरी की रात यही आदमी कई लोगों को लेकर आया था, जो लाठी−डंडों से लैस थे। उसे उन्होंने अगले दिन टीवी पर देखा।

उन्होंने कहा कि उनको डराया−धमकाया गया। देश छोड़कर चले जाने की धमकी दी गई। उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज तक की गई। उनके काले रंग को लेकर टिप्पणियां की गईं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
युगांडा, युगांडा की महिलाएं, सोमनाथ भारती, दिल्ली के कानूनमंत्री, कानूनमंत्री सोमनाथ भारती, महिला आयोग, Uganda, Somnath Bharti, Law Minister Somnath Bharti