यह ख़बर 20 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पिछले 48 घंटों में बलात्कार के सात मामले

खास बातें

  • यूपी में महिला मुख्यमंत्री के राज में महिलाओं की सुरक्षा राम भरोसे है। बीते 48 घटों में बलात्कार के छह मामले सामने आए हैं।
लखनऊ:

यूपी में महिला मुख्यमंत्री के राज में महिलाओं की सुरक्षा राम भरोसे है। बीते 48 घटों में अकेले यूपी से बलात्कार के पांच मामले सामने आए हैं। एक-एक मामला दिल्ली और हरियाणा में दर्ज किया गया है।  एटा के निधौली गांव में एक 35 साल की महिला के साथ सामूहिक बलात्कार के बाद उसे ज़िंदा जलाकर मार दिए जाने की खबर है। पांच लोगों पर आरोप है कि उन्होंने पहले उसका बलात्कार किया और फिर बेरहमी से जलाकर मार डाला लेकिन पुलिस ने मेडिकल जांच के बिना बलात्कार के आरोप को नकार दिया जिसे लेकर सवाल उठने के बाद थाना प्रभारी को लाइन हाज़िर किया गया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। कानपुर में एक 20 साल की लड़की के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। ये लड़की रेलवे स्टेशन पर अपने भाई से बिछड़ गई। उसके बाद उसने खुद को एक होटल के कमरे में पाया। तीन दिन तक वहशी दरंदों ने उसके साथ बलात्कार किया। किसी तरह से वह बलात्कारियों के चंगुल से भागी। परिवार ने उसके साथ मारपीट का आरोप भी लगाया है। गोंडा जिले में एक दलित लड़की का शव मिला है। 13 साल की यह लड़की तीन दिन से लापता थी। घरवालों का आरोप है कि लड़की के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या की गई है। उसका शव घर से एक किलोमीटर दूर खेत में मिला। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बस्ती ज़िले के रानीपुर बेलाडी गांव में एक 18 साल की दलित लड़की के साथ बलात्कार की खबर है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बलात्कार के बाद से ये आरोप फरार था। इससे पहले रविवार को कन्नौज में बलात्कार में नाकाम रहने वाले दो लड़कों ने लड़की की आंखें फोड़ दी। और उस पर पुलिस ने शिकायत लिखने में भी मनमानी देरी की। यूपी ही नहीं, हरियाणा के करनाल में भी एक महिला का शव मिला है। 35 साल की इस महिला का शव उसके घर पर मिला। आरोप है कि बलात्कार के बाद महिला की हत्या की गई है। ये महिला घर में अकेले रहती थी। पिछले दो दिन से महिला के घर से किसी तरह की आवाज़ नहीं आ रही थी। सोमवार को जब उसके घर से बदबू आई तो गांव वालों ने पुलिस को ख़बर की। पुलिस जब घर में घुसी तो महिला की लाश मिली।दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से भी बलात्कार की एक खबर है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com