छुट्टी से लौटकर पहली बार सार्वजनिक तौर पर दिखे राहुल गांधी, किसानों से की मुलाकात


नई दिल्ली : छुट्टी से वापस लौटने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। किसान राहुल गांधी से मिलने उनके घर पहुंचे। राहुल गांधी ने काफी देर तक किसानों से मुलाकात की और उनके दुख-दर्द सुने। ये मुलाक़ात रविवार को दिल्ली में होनी वाली कांग्रेस की किसान रैली के मद्देनज़र हुई।

कांग्रेस ने रविवार को ज़मीन अधिग्रहण बिल के ख़िलाफ़ दिल्ली के रामलीली मैदान में किसान रैली का आयोजन किया है। किसान रैली को राहुल गांधी की रीलॉन्चिंग के तौर पर भी देखा जा रहा है। राहुल गांधी करीब दो महीने तक छुट्टी पर थे और इस दौरान उन्होंने बजट सत्र में भी हिस्सा नहीं लिया था, जिसके चलते वो लगातार विपक्ष के निशाने पर थे।

रविवार को आयोजित होने वाली 'किसान खेत मजदूर' रैली के जरिए कांग्रेस ने मोदी सरकार के भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ आवाज बुलंद करने की योजना बनाई है। खबरों के अनुसार रैली के अलावा राहुल गांधी 20 अप्रैल से शुरू हो रहे बजट सत्र के दूसरे हिस्से में लोकसभा में भी अपनी बात रखेंगे और सरकार पर भी हमले बोलेंगे।

राहुल गांधी के साथ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट भी थे। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने उत्तरप्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और मध्यप्रदेश के किसानों के शिष्टमंडल से मुलाकात की और अपने आवास पर किसानों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।

कांग्रेस उपाध्यक्ष रविवार को किसान रैली को संबोधित करेंगे जिसे राहुल को नए सिरे से पेश करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है, जो लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में नए सिरे से जान फूंकने की कोशिश करेंगे।

सचिन पायलट ने कहा, ‘‘रविवार की रैली ऐतिहासिक होगी। इसमें देशभर से दिल्ली में लाखों की संख्या में किसान हिस्सा लेंगे। जिस तरह से कुछ लोगों के फायदे के लिए किसानों को ठगा जा रहा है, हम उसे लेकर बीजेपी का पर्दाफाश करना चाहते हैं।’’

पायलट ने कहा, ‘‘बीजेपी छोटे किसानों की जमीन हथियाने की साजिश कर रही है।’’ कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि किसान रैली के अलावा राहुल लोकसभा में भी बोलेंगे और उम्मीद की जा रही है कि बजट सत्र के दूसरे हिस्से के शुरू होने पर वह सरकार को निशाने पर लें। छुट्टी से लौटने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष के लिए रविवार की किसान रैली एक बड़ा कार्यक्रम होगा जिसके जरिए वह आमजन से रूबरू होंगे। पार्टी ने इस रैली में बड़ी संख्या में समर्थकों को जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राहुल से मुलाकात करने वाले शिष्टमंडल में भट्टा परसौल गांव के किसान भी शामिल थे जहां 2011 में जबरन भूमि अधिग्रहण के खिलाफ राहुल ने पदयात्रा की थी।