यह ख़बर 21 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

हुड्डा सुरक्षित, पृथ्वीराज चव्हाण और तरुण गोगोई का भविष्य अधर में

नई दिल्ली:

लोकसभा चुनावों में अब तक के सबसे खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी के संगठन में प्रस्तावित फेरबदल को लेकर विचार विमर्श का दौर जारी है। वहीं महाराष्ट्र और असम के मुख्यमंत्रियों का भविष्य अब भी अधर में लटका हुआ है, जबकि कांग्रेस ने हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना से आज इनकार किया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को हटाए जाने की संभावना के बारे में पार्टी के एक शीर्ष पदाधिकारी ने कहा, 'कुछ भी हो सकता है। अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। यह 50:50 फीसदी है।'

चव्हाण ने शनिवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने भी आज सुबह सोनिया गांधी से भेंट की। उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने की चर्चा को 'सिर्फ अफवाह' बताया। वहीं असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई रविवार को यहां पहुंच रहे हैं और वह सोमवार को आलाकमान से मुलाकात करेंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

चव्हाण ने कहा कि उन्होंने पार्टी अध्यक्ष से कहा कि अनिश्चितता का माहौल महाराष्ट्र के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैंने कांग्रेस नेतृत्व को अनिश्चितता के माहौल से अवगत करा दिया है... हमें स्पष्टता शीघ्र प्राप्त करने की आवश्यकता है।' उन्होंने इस सवाल का जवाब टाल दिया कि क्या उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। ऐसे सवालों पर उनका जवाब था, 'कोई टिप्पणी नहीं।' उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के साथ क्या बातचीत हुई, इसके बारे में वह मीडिया से चर्चा नहीं करेंगे।