विज्ञापन
This Article is From Mar 01, 2018

दुनिया भर के मज़हब और मत भारत की मिट्टी में पले-बढ़े हैं, हमें इस पर गर्व है : पीएम नरेंद्र मोदी

उन्होंने कहा कि जॉर्डन एक ऐसी पवित्र भूमि पर आबाद है जहां से ख़ुदा का पैग़ाम पैगम्बरों और संतों की आवाज़ बनकर दुनिया भर में गूंजा.

दुनिया भर के मज़हब और मत भारत की मिट्टी में पले-बढ़े हैं, हमें इस पर गर्व है : पीएम नरेंद्र मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी.
  • पीएम ने विज्ञान भवन में कार्यक्रम को संबोधित किया.
  • इस्लामिक हेरिटेज पर पीएम ने रखे विचार
  • जॉर्डन के शाह के सम्मान में कार्यक्रम
नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी ने आज विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में जॉर्डन के शाह की मौजूदगी में लोगों को संबोधित किया. वे इस्लामिक हेरिटेज के मुद्दे पर बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि आपका वतन और हमारा दोस्त देश जॉर्डन इतिहास की किताबों और धर्म के ग्रंथों में एक अमिट नाम है. उन्होंने कहा कि जॉर्डन एक ऐसी पवित्र भूमि पर आबाद है जहां से ख़ुदा का पैग़ाम पैगम्बरों और संतों की आवाज़ बनकर दुनिया भर में गूंजा.

पीएम मोदी ने कहा कि दुनियाभर के मज़हब और मत भारत की मिट्टी में पनपे हैं. यहां की आबोहवा में उन्होंने ज़िन्दगी पाई, सांस ली. चाहे वह 2500 साल पहले भगवान बुद्ध हों या पिछली शताब्दी में महात्मा गांधी. अमन और मुहब्बत के पैग़ाम की ख़ुशबू भारत के चमन से सारी दुनिया में फैली है.

उन्‍होंन कहा कि यहां से भारत के प्राचीन दर्शन और सूफियों के प्रेम और मानवतावाद की मिलीजुली परम्परा ने मानवमात्र की मूलभूत एकता का पैगाम दिया है. मानवमात्र के एकात्म की इस भावना ने भारत को 'वसुधैव कुटुम्बकम्' का दर्शन दिया है. भारत ने सारी दुनिया को एक परिवार मानकर उसके साथ अपनी पहचान बनाई है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हर भारतीय को गर्व है अपनी विविधता की विशेषता पर. अपनी विरासत की विविधता पर, और विविधता की विरासत पर. चाहे वह कोई ज़ुबान बोलता हो. चाहे वह मंदिर में दिया जलाता हो या मस्जिद में सज़दा करता हो, चाहे वह चर्च में प्रार्थना करे या गुरुद्वारे में शबद गाये.

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में democracy एक राजनैतिक व्यवस्था ही नहीं बल्कि समानता, विविधता और सामंजस्य का मूल आधार है.

उन्‍होंने कहा कि यह वो शक्ति है जिसके बल पर हर भारतीय के मन में आपने गौरवशाली अतीत के प्रति आदर है, वर्तमान के प्रति विश्वास है और भविष्य पर भरोसा है.

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी विरासत और मूल्य, हमारे मज़हबों का पैगाम और उनके उसूल वह ताक़त हैं जिनके बल पर हम हिंसा और दहशतगर्दी जैसी चुनौतियों से पार पा सकते हैं इंसानियात के ख़िलाफ़ दरिंदगी का हमला करने वाले शायद यह नहीं समझते कि नुकसान उस मज़हब का होता है जिसके लिए खड़े होने का वो दावा करते हैं.

उन्‍होंने कहा कि भारत में हमारी यह कोशिश है कि सबकी तरक्की के लिए सबको साथ लेकर चलें. क्योंकि सारे मुल्क की तकदीर हर शहरी की तरक्की से जुड़ी है. क्योंकि मुल्क की खुशहाली से हर एक की खुशहाली बाबस्ता है. 

पीएम मोदी ने कहा कि मज़हब का मर्म अमानवीय हो ही नहीं सकता. हर पन्थ, हर संप्रदाय, हर परंपरा मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए ही है. इसलिए, आज सबसे ज्यादा ज़रूरत ये है कि हमारे युवा एक तरफ मानवीय इस्लाम से जुड़े हों और दूसरी तरफ आधुनिक विज्ञान और तरक्की के साधनों का इस्तेमाल भी कर सकें.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi On Islam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com