
Quick Take
Summary is AI generated, newsroom reviewed.
सोनिया गांधी ने कहा, हमें अपने समाज से कन्या भ्रूण हत्या के कलंक और महिलाओं के साथ बलात्कार तथा छेड़छाड़ जैसे अपराधों को उखाड़ फेंकना होगा।
सोनिया की ये टिप्पणियां ऐसे दिन आई हैं, जब देश आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है।
सोनिया ने यहां भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह और एक महिला मेडिकल कालेज के उद्घाटन के मौके पर कहा कि इस तरह की घटनाएं (बलात्कार और महिलाओं के खिलाफ अपराध) देशभर में हो रही हैं। बलात्कार तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों के कारण हमारे सिर शर्म से झुक गए हैं।
सोनिया ने कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा तथा उन्हें सामाजिक तथा आर्थिक रूप से शक्तिशाली बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध से निबटने के लिए जल्द ही एक विधेयक पारित किया जाएगा। उन्होंने देशभर में महिला बैंक खोलने और निर्भया कोष के लिए सरकारी बजट में एक-एक हजार करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को पिता की संपत्ति में हिस्सा देने और यौन उत्पीड़न तथा घरेलू हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए एक विधेयक पेश किया गया है।
महिलाओं को महिला दिवस की बधाई देते हुए सोनिया ने कहा कि बलात्कार की पीड़ितों तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों की अन्य पीड़ितों के कलंक को धोने के लिए मजबूत कदम उठाए जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाना शिक्षित लड़कियों तथा हर किसी की जिम्मेदार है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
सोनिया गांधी, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, महिला के खिलाफ अपराध, Sonia Gandhi, International Women's Day, Crime Against Women