विज्ञापन
This Article is From Feb 01, 2014

मुंबई मोनोरेल का मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने किया उद्घाटन

मुंबई मोनोरेल का मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने किया उद्घाटन
मुंबई:

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने शनिवार को मुंबई मोनोरेल का उद्घाटन किया। वडाला से चेंबूर के बीच मोनोरेल की यह सेवा आज से आम लोगों के लिए खोल दी गई। इस रेल में चार कोच होंगे, जिनमें 560 यात्री सफर कर सकेंगे और इसके लिए उन्हें पांच से 11 रुपये तक की टिकटें खरीदनी होंगी। पहले चरण में कुल छह ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो हर 15 मिनट के अंतराल पर दौड़ेंगी।

मुंबई मोनोरेल में लोकल ट्रेनों की तरह मासिक पास जैसी कोई सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, लेकिन दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर स्मार्ट कार्ड की व्यवस्था रहेगी। मुंबई मोनोरेल लोकल ट्रेनों सहित परिवहन के अन्य साधनों से जुड़ी रहेगी। चेंबूर के रेलवे स्टेशन से हवा में एक पुल बनाया गया है, जो मोनोरेल स्टेशन को जोड़ता है। इसके अलावा फीडर बस सेवा भी जल्द ही शुरू किए जाने की योजना है।

मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुताबिक मोनोरेल के आने के बाद 40 मिनट की यह दूरी घटकर 21 मिनट रह जाएगी। इसके अलावा मोनोरेल इको-फ्रेंडली भी है और इसमें यातायात के अन्य साधनों की तुलना में शोर भी कम होता है। वडाला से जैकब सर्किल तक का मुंबई मोनोरेल का दूसरा चरण 2700 करोड़ रुपये में पूरा किया जाएगा और इसके अगले एक साल में पूरा हो जाने की उम्मीद है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई मोनोरेल, मुंबई मोनोरेल का उद्घाटन, चेंबूर, वडाला, पृथ्वीराज चव्हाण, Mumbai Monorail, Mumbai Monorail Inaugration, Chembur, Wadala, Prithivraj Chavan