यह ख़बर 14 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

'मुंबई हमले पर भारत के रुख में कोई नरमी नहीं'

खास बातें

  • विदेश मंत्रालय ने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को शीघ्र न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।
New Delhi:

भारत सरकार ने कहा कि मुंबई हमले के संदर्भ में उसके रुख में कोई नरमी नहीं आई है और अभी भी वह इस बात पर कायम है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को शीघ्र न्याय के कठघरे में लाया जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय ने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को शीघ्र न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से भी बड़े पैमाने पर यही विचार रखा गया है। जिन देशों के लोग इस हमले में मारे गए थे, उनका भी रुख यही रहा है। मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान के साथ वार्ता बहाली रिश्तों को सामान्य बनाने के मकसद से की गई है। उसने कहा, इस बातचीत से हमें आतंकवाद से जुड़ी अपनी चिंताओं, खासकर मुंबई हमले को लेकर एक निदान तलाशने में मदद मिलेगी। विदेश मंत्रालय के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि मुंबई हमले का मुद्दा पिछले दिनों गृह सचिव स्तर की वार्ता के दौरान मुख्य रूप से उठाया गया था और इसे लेकर सरकार के रुख में कोई नरमी नहीं आई है। मंत्रालय की ओर से यह बात पाकिस्तानी मूल के संदिग्ध आतंकवादी तहव्वुर हुसैन राणा के अमेरिकी अदालत में दिए बयान से जुड़े सवाल के जवाब में कही गई है। राणा ने अदालत को बताया कि उसने पाकिस्तानी सरकार और आईएसआई के कहने पर मुंबई हमले में मदद की थी। 26 नवंबर, 2008 को हुए मुंबई हमले में 166 लोग मारे गये थे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com